फोटो नंबर: 27 से 29
आज से शुरू होगा छठ महापर्व, जमकर हुई खरीदारी
श्री पूर्वांचल छठ पर्व महासभा ने किया ब्रह्मसरोवर का दौरा, ब्रह्मसरोवर पर छठ पूजा में एक लाख श्रद्धालु पहुंचने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। देश के अन्य हिस्सों बिहार एवं उत्तर प्रदेश की भांति धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में भी पूर्वांचल समाज के सोमवार से छठ पर्व मना रहे हैं। इसको लेकर ब्रह्मसरोवर पर तैयारियों तकरीबन पूरी हो चुकी है। गौड़िया मठ के सामने पंडाल लगाया जाएगा, जहां विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रविवार को पूर्वांचल समाज के लोगों ने ब्रह्मसरोवर के बाहर पूजा में इस्तेमाल सामान की जमकर खरीदारी की। आज छठ पर्व के पहले दिन नहाय-खाय होगा।
करीब दो दशक से कुरुक्षेत्र में रह रहे भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया एवं जिला करनाल प्रभारी व श्री पूर्वांचल छठ पर्व महासभा के सुनील राय ने बताया कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में दीपावली के त्योहार की भांति ही छठ पर्व भी बहुत महत्वपूर्ण है। कोरोना महामारी के उपरांत करीब दो साल बाद कुरुक्षेत्र में पूर्वांचल के लोग उत्साह से छठ पर्व मनाएंगे। हजारों की संख्या में पूर्वांचल के लोग पवित्र ब्रह्मसरोवर पर पूजा करेंगे। राय ने बताया कि छठ पर्व पर पूजा अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होता है। सोमवार से छठ पर्व शुरू हो रहा है तो रविवार को श्री पूर्वांचल छठ पर्व महासभा के सुनील राय तथा अन्य ने ब्रह्मसरोवर का दौरा किया। राय ने कहा कि ब्रह्मसरोवर में पानी के लिए विधायक सुभाष सुधा से मिले थे। अब दूसरी तरफ के सरोवर में पानी भरा जा रहा है। छठ पर्व पर एक लाख लोग सरोवर पर पहुंचेंगे।