फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उधम सिंह कहां खो गया, वतन को जगाके खुद सो गया

विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाणा कला परिषद द्वारा आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रमों में हरियाणवी रागनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रोहतक से गुलाब सिंह, पानीपत से अमित मलिक, बिंदु शर्मा, कुरुक्षेत्र के सूरज बेदी और करनाल से रवि ने हरियाणवी रागनी व किस्से सुनाकर समां बांधा। हरियाणवी रागनी कार्यक्रम में सबसे पहले बिंदु शर्मा ने लोकगीत टोकनी पीतल की मैं पानी भरण ने ल्याई, इंडी सोने की टोकनी धरण ने ल्याई... से रागनियों की शुरुआत की। इसके बाद अमित मलिक ने लाहौर जिले में छोटा सा बंगा गाम सुणा होगा, छैल सिंह सरदार रहे था किस्सा तमाम सुणा होगा सुनाकर देशभक्ति की भावना को जगाया। वहीं गुलाब सिंह ने रागनी के सूपणे का जीकर करूं मनै बात जरूर आगी, तंबू के मां पडे़-पड़े ना याद अंगूरी आगी सुनाकर अपनी गायकी और अदायगी का लोहा मनवाया। वहीं वीर रस से भरी रागनी कटण मरण ते स्यार डरयां करैं, शेर भरयां करै चाव मैं, भरयां खुशी मैं बोस जणूं, बंदड़े का बापू ब्याह मैं के द्वारा सुभाष चंद्र बोस की वीरता का बखान करते हुए सूरज बेदी ने देशप्रेम जाहिर किया। कार्यक्रम में लोक कलाकार सूरज बेदी ने सुनाया कि भारत माता के ताज उधम सिंह कहां खो गया, इस वतन को जगा के खुद सो गया। एक के बाद एक रागनी से कलाकारों ने खूब समां बांधा। अमित मलिक के जोश पर श्रोताओं ने भरपूर हौसला अफजाई की। इससे पहले प्रसिद्ध हास्य कलाकार व रंगकर्मी शिवकुमार किरमिच तथा प्राध्यापक मदन लाल शर्मा ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम का संचालन विकास शर्मा द्वारा किया गया।
विज्ञापन

अंत में मुख्य अतिथि शिवकुमार ने सभी कलाकारों को सम्मानित किया। शिवकुमार ने कहा कि एक लोक कलाकार ही अपने प्रदेश की संस्कृति को सहेज कर रखता है। अपनी परंपराओं से लगाव रखते हुए लोक कलाकार जब गायन और नृत्य आदि की प्रस्तुति देते हैं तो आम लोगों को लोक संस्कृति का ज्ञान मिलता है। इस मौके पर हरियाणा कला परिषद के प्रभारी धर्मपाल, ललित कला समन्वयक सीमा कांबोज, मनीष डोगरा उपस्थित रहे।
हरियाणा कला परिषद के मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्तूबर को उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला तथा हरियाणा कला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में कला कीर्ति भवन की रंगशाला में सायं 6 बजे दस प्रांतों के कलाकार अपने प्रदेश के लोक नृत्यों का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में हरियाणा, पंजाब, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरल, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, तमिलनाडु, कर्नाटक आदि के लगभग 150 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं दोपहर को 3 बजे जिला प्रशासन व कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भरतमुनि रंगशाला में किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें