पिहोवा। किसान की खेत में फसल अभी भी खड़ी है जबकि करीब 15 दिन पहले फसल का कराह साहब में बने खरीद केंद्र पर गेट पास भी कट गया। इससे न केवल संबंधित किसान धान बेचने को लेकर भटक रहे हैं बल्कि भाकियू ने इसके पीछे धान घोटाले की आशंका जताई है। मामला पुलिस तक भी पहुंच चुका है, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित धान को अपने कब्जे में ले लिया है।
गांव शाहपुर के किसान रवि कुमार ने मार्केट कमेटी सचिव चंद्र सिंह को शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने किले नंबर का हवाला देते हुए बताया कि उनकी जमीन तीन लोगों के नाम है और अभी उस खेत में फसल खड़ी है। गेट पास की मुश्किलों के चलते वे फसल कटवा भी नहीं पाए हैं लेकिन उन्हें पता चला है कि 10 अक्तूबर को ही कराह साहब केंद्र पर उनकी धान के गेट पास भी गांव गढ़ी लांगरी के गौरव के नाम कट चुके हैं। करीब 87 क्विंटल धान दिखाया गया है। मार्केट कमेटी सचिव ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है जबकि भाकियू ने इसके पीछे बड़े घोटाले की आशंका जताई है। भाकियू नेता प्रिंस वड़ैच ने आरोप लगाए है कि पिहोवा क्षेत्र में धान घोटाला थमने का नाम नहीं ले रहा है। उधर, डीएसपी रोहित कुमार का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।