जिले में देर रात दो अलग-अलग स्थानों पर कार सवार बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लूट की दो वारदातों को अंजाम दिया।
पुलिस का मानना है कि इन दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह है। क्योंकि इसके बाद दोनों बदमाश करनाल के निगदू क्षेत्र में प्रवेश कर गए और वहां भी लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
बदमाशों ने पहले कुरुक्षेत्र की अनाज मंडी गेट के पास किरयाने की दुकान और दूसरी वारदात में गन प्वाइंट पर शराब ठेके के कारिंदे से नकदी लूट कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामलों में जांच आरंभ कर दी है।
वारदात नंबर एक
किरयाने का सामान लिया और फरार
कार सवार बदमाशों ने पहली वारदात कुरुक्षेत्र की अनाज मंडी गेट पर स्थित एक करियाना थोक विक्रेता की दुकान पर अंजाम दी।
बदमाशों ने इस दौरान दुकान से हजारों रुपये का सामान पैक कराया और जाते हुए पिस्तौल दिखाकर बिना पैसा दिए वहां से फरार हो गए। पुलिस को दी शिकायत में तरसेम लाल निवासी डीएन कॉलोनी ने बताया कि उनकी नई अनाज मंडी कुरुक्षेत्र गेट के सामने किरयाने की दुकान है।
वीरवार की रात को करीब 09.15 बजे मैं व मेरा लड़का दिनेश दुकान पर बैठे थे। उसी समय दो युवक जिनकी आयु करीब 24/25 वर्ष थी, वे दुकान पर आए। उन्होंने दुकान से बादाम, काजू, खोया आदि की खरीद की और उसके बाद सामान उठाकर चलने लगे। इस पर मैंने उन्हें रोक कर पैसा देने के लिए कहा तो उन्होंने पिस्तौल दिखाई और जान से मारने की धमकी देते हुए कुछ दूरी पर बिना नंबर की खड़ी कार में सामान लेकर फरार हो गए।
गन प्वाइंट पर लूटा ठेका
इसके बाद बदमाशों ने अगली वारदात हथीरा स्थित शराब के अड्डे पर अंजाम दी। पुलिस को दी शिकायत में सतीश कुमार निवासी कारसा डोड थाना बुटाना जिला करनाल ने बताया कि वह हथीरा स्थित ठेका शराब देसी पर सेल्समैन है।
उसने पुलिस को बताया कि रात में करीब 9.30 बजे शराब ठेके के गेट पर खड़ा था। उसी समय दो लड़के बिना नंबर की एक गाड़ी में आए और शराब की बोतल मांगने लगे। जब मैं शराब की बोतल लेने के लिए ठेका के अंदर गया तो दोनों लड़के मेरे पीछे ठेके में घुस गए। इसके बाद एक लड़के ने पीछे से पकड़ लिया और दूसरे ने कनपटी पर पिस्तौल अड़ा दी।
इसके बाद उन्होंने पैंट की जेब से 9 हजार रुपये तथा गल्ले से करीब 3 हजार रुपये और मोबाइल लूट कर ठेके में बंद कर फरार हो गए। शोर मचाकर किसी राहगीर से ठेके का दरवाजा खुलवाया और बाहर निकल देखा तो मोबाइल वहीं पड़ा हुआ था। थाना केयू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
युवक से मिला पिस्तौल
कुरुक्षेत्र। थाना केयू थर्ड गेट के पास नाकाबंदी के दौरान एक युवक से पुलिस ने 32 बोर का रिवाल्वर और 9 कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। मामले के अनुसार थर्ड गेट चौकी इंचार्ज कुलदीप सिह रात्रि गश्त व चेकिंग पर मौजूद थे। इस दौरान नाका थर्ड गेट कुरुक्षेत्र पर ऋषिपाल निवासी निगदू की शक की बिनाह पर तलाशी ली गई। इसके कब्जा से एक रिवाल्वर 32 बोर व 9 कारतूस बरामद हुए।