मौदहा क्षेत्र में पंचायत चुनाव में मतदाता सूचियों
की भारी गड़बड़ी से लोग परेशान हैं। बैजेमऊ गांव में मतदाता सूची में नाम
बढ़ाने का दबाव बना रहे ग्रामीण ने बीएलओ के साथ मारपीट कर मोबाइल तोड़
दिया। शुक्रवार को एक दर्जन से अधिक बीएलओ ने एसडीएम से मिलकर कड़ी
कार्रवाई की मांग की।
बैजेमऊ निवासी ग्राम पंचायत रोजगार सेवक दीनदयाल
सिंह गांव में ही बीएलओ का कार्य देख रहे हैं। गुरुवार को वह मतदाता सूची
में आपत्ति एवं विलोपन का कार्य प्राथमिक विद्यालय में कर रहे थे।
तब
विद्यालय में शिक्षकों के साथ गांव के बल्लू सिंह, भूरा, कमलेश, रतिराम
यादव आदि भी थे। तभी गांव का अर्जुन पुत्र गणेश शर्मा आया और 20 वर्ष से
बांदा में रह रहे परिजनों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का दबाव
बनाने लगा।
इंकार कर प्रपत्र तीन भरकर जमा करने को कहा। इससे वह आक्रोशित
होकर उसने मारपीट शुरू कर दी और दीनदयाल का मोबाइल तोड़ दिया।
इसकी सूचना
उपजिलाधिकारी को दी गई और शुक्रवार को ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष
उत्तम सिंह, टीचर नरेंद्र, देवशरन, छोटे खां, रोजगार सेवक राजेश, राजेंद्र
आदि एक दर्जन से अधिक बीएलओ कार्य में लगे कर्मी उपजिलाधिकारी कार्यालय
पहुंचे और अर्जुन के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व मारपीट का मामला
दर्ज कराने की मांग की।
उपजिलाधिकारी प्रवीणा अग्रवाल ने बताया कि बीएलओ
के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं होगी। मामले की जांच के लिए उन्होंने संबंधित
आरोपियों को बुलाया है। इसकी विस्तृत जांच कर कार्रवाई की जाएगी।