- कर्मचारी को कराया अस्पताल में दाखिल
17केयूआरपी 10 एलएनजेपी अस्पताल में उपचाराधीन कृष्ण कुमार।
शनिवार को एलएनजेपी अस्पताल मेें एक कर्मचारी पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
हमलावर कर्मचारी को घायल कर मौके से भाग निकले। घायल कर्मचारी को एलएनजेपी अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भर्ती करवाया गया है। शनिवार को वारदात के समय कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी निवासी कृष्ण कुमार एलएनजेपी अस्पताल में आए हुए थे।
बता दें कि कृष्ण कुमार एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में नौकरी करते हैं। कृष्ण कुमार ने बताया कि वह अस्पताल की पार्किंग में बैठा हुआ था। उसी दौरान उसका चचेरा भाई वहां आया और पार्टी के लिए रुपये मांगने लगा।
उसने पर्स दिखाते हुए चचेरे भाई से पैसे नहीं होने की बात कही। इस पर उसके चचेरे भाई के साथ आए दूसरे युवक ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो वह युवक हाथापाई पर उतर आया। इसके बाद आरोपी ने चाकू से उन पर हमला बोल दिया। चाकू के हमले से बचने के लिए वह पीछे हो गए और हाथ अड़ा दिया।
घायल कृष्ण ने बताया कि यदि वह ऐसा नहीं करते तो चाकू उनके गले पर लगता। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग उनके पास आए, लेकिन तब तक हमलावर भाग गए। थर्ड गेट चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि उनके पास एलएनजेपी अस्पताल से सूचना आई है। मामले की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं किया गया था।