हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में देवी मंदिर रोड पर बाइक सवार दो नकाबपोशों ने युवक को निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। इसमें दो गोली युवक को लगी, जिसे लहूलुहान अवस्था में निजी और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस को घटनास्थल से तीन खाली खोल और एक बुलेट बरामद हुई है।
नरेंद्र ने बताया कि उसके भाई जितेंद्र को शाहाबाद कोर्ट में पेशी पर जाना था। वह दोनों अपनी कार से शाहाबाद आए थे, लेकिन जितेंद्र को शाहाबाद में कोई काम था। इस कारण जितेंद्र अपने एक दोस्त के साथ बाइक के पीछे बैठकर देवी मंदिर की तरफ आ गया।
आरोप है कि दोपहर करीब एक बजे देवी मंदिर रोड पर बाइक सवार सिकंदर निवासी गांव अधोयी जिला अंबाला और चिराग निवासी शाहाबाद ने जितेंद्र पर गोलियां चला दी। दो गोलियां जितेंद्र के फेफड़े के नीचे पेट में लगी हैं, जिसका उपचार चल रहा है।
निशाने पर था नरेंद्र
नरेंद्र ने बताया कि हमलावरों के साथ रंजिश उसके भाई की नहीं, बल्कि उसकी थी, लेकिन दोनों की शक्ल एक-सी होने के कारण हमलावरों ने जितेंद्र को नरेंद्र समझ कर उसपर गोलियां चला दी। हालांकि, पुलिस जांच के बाद असली कारण सामने आ सकेगा।
पुलिस कर रही गहनता से जांच
डीएसपी रणधीर सिंह ने बताया कि नरेंद्र की शिकायत पर हमलावर सिकंदर और चिराग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल युवक के बयान के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।