कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में छात्रा की आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार सहपाठी सुरेंद्र को रेस्टीगेट किया जा सकता है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। हालांकि रेस्टीगेट करने के लिए पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार है। इधर सुरेंद्र को पुलिस ने वीरवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। दूसरी तरफ यूनिवर्सिटी प्रशासन हादसे से दशहत में आए विद्यार्थियों के लिए काउंसलिंग कराने की तैयारी में है।
केयू में मंगलवार को होस्टल के कमरे में आत्महत्या करने वाली छात्रा दलजौत के सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने सहपाठी सुरेंद्र को गिरफ्तार किया था। वीरवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। इस हादसे को यूनिवर्सिटी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है और छात्राओं को परेशान करने वाले छात्रों या अन्य लोगों को नसीहत देने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। सूत्रों की माने तो यूनिवर्सिटी प्रशासन सुरेंद्र की पूरी जानकारी जुटाने में लगा है।
बताया जाता है कि उसे रेस्टीगेट किया जा सकता है। इसकी तैयारी भी की जा रही है। हालांकि फाइनल निर्णय पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा। सूत्र ने बताया कि ऐसे मामले सामने आने और उनमें यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों का इन्वालमेंट होने पर उन्हें रेस्टीगेट करने का अधिकार भी है।
पुलिस रिपोर्ट करेगी तय, क्या होगी कार्रवाई
केयू के कुलपति प्रोफेसर केसी शर्मा का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और यूनिवर्सिटी स्तर पर भी इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। आरोपी सुरेंद्र के खिलाफ कार्रवाई पुलिस जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। यदि वह दोषी पाया जाता है तो उसे रेस्टीगेट भी किया जा सकता है। कुलपति ने बताया कि फिलहाल जो भी सूचनाएं है वह मीडिया के माध्यम से ही है। हमें पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार है। उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
होस्टल में दलजौत के फांसी लगा लेने से होस्टल की छात्राएं दहशत में आ गई थी। बताया जाता है कि अभी भी कई छात्राओं में खौफ है। इधर परीक्षाएं भी आने वाली है। ऐसे में यूनिवर्सिटी प्रशासन छात्राओं सहित सभी विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए पूरी तरह से तरोताजा करने के लिए काउंसलिंग कराने की तैयारी में है। जानकारी के अनुसार करीब एक सप्ताह बाद क्रम से काउंसलिंग कराई जाएगी।