किला सिखां के बाहर दिन दहाड़े तीन बदमाशों ने शादी की तैयारियों में जुटे घर में धावा बोल दिया। बदमाशों ने महिला पर तेजधार हथियार से हमला कर कानों की बालियां लूट लीं। महिला के शोर मचाने पर आसपास की महिलाएं एकत्र हो गईं। यह देख बदमाश मौके से भाग निकले। घायल महिला को सीएचसी शाहाबाद में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही डीएसपी गुरमेल सिंह, थाना प्रभारी राजेश कुमार और सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंच गई।
अंजाम देकर भागते तीनों बदमाश पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
बताया गया है कि इनमें से दो के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं, जबकि तीसरे साथी ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। बदमाशों का शिकार बनीं किला सिखां निवासी हरमिंद्र कौर ने बताया कि उसके पति मलकीत सिंह और पुत्र गुरप्रीत सुबह काम से चले गए थे। वह घर में अकेली थी। इसी बीच दो अज्ञात युवक उसके घर आए और स्वयं को गुरप्रीत का मित्र बताया। उन्होंने महिला को बताया कि उनके एक मित्र के घर पुत्र हुआ है।
उसकी मिठाई देने के लिए वे आए हैं। इसी बीच एक युवक बहाने से बाथरूम में गया और फोन कर तीसरे युवक को भी बुला लिया। हरमिंद्र कौर ने उनकी बातों पर विश्वास कर लिया और चाय बनाने चली गईं। वह चाय पी रहे थे, कि अचानक युवकों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट करने लगे। एक युवक ने उसके कानों से बालियां लूट लीं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने घायल हरमिंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बमाशों के बारे में लोगों से पूछताछ भी की, मगर कोई सुराग नहीं मिल सका।
छह दिसंबर को है शादी
गुरप्रीत की शादी छह दिसंबर को है। दो दिन पहले ही परिवार के लोग विवाह के लिए जेवरात आदि सामान लेकर आए थे। महिला के शोर मचाने पर बदमाश भाग निकले। एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आए बदमाशों की पहचान पीड़ित महिला ने कर ली है। जल्द ही पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।