ठेकेदार दलजीत सिंह की माता दर्शन कौर ने सोमवार को पीडब्लयूडी रेस्ट हाउस में राज्यमंत्री कृष्ण बेदी से मुलाकात कर दलजीत की मृत्यु और उनकी पत्नी की गुमशुदगी के मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की।
दर्शन कौर ने बताया कि दलजीत का शव नौ फरवरी को रोहतक के पास जेएलएन नहर से मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत एक सप्ताह पहले होना बताई गई थी। वह 27 जनवरी से अपनी पत्नी सहित रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया था।
उन्होंने कहा कि उन्हें शक है कि उनके बेटे की हत्या की गई है और बहू अपराधियों के पास है। अभी तक उसका कोई पता नहीं है। शव मिले सात महीने गुजर चुके हैं लेकिन अभी तक पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। इसलिए मामले की सीबीआई से जांच करवाई जाए।
बता दें कि ठेकेदार दलजीत अपनी पत्नी सुखविंद्र के साथ घर से स्विफ्ट कार में अंबाला के लिए निकले थे। रात आठ बजे मां को फोन पर दलजीत ने बताया था कि वह आधे घंटे में घर आ जाएगा। उसके बाद बेटा और बहू घर नहीं पहुंचे।
अगले दिन बेटे के मोबाइल से आए फोन की सूचना पर उसकी कार मिल गई थी, लेकिन दोनों लापता थे। इसके बाद मां ने बेटे और बहू की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने डीएसपी शाहाबाद गुरमेल सिंह को मौके पर बुलाकर केस को दजल्द सुलझाने के आदेश दिए।