कुरुक्षेत्र-कैथल रोड स्थित पीएनबी की मिर्जापुर शाखा में दिनदहाड़े हुई लूट के बाद बैंक की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान लगा है। बैंक में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं और इनमें घटना कैद भी हो गई है लेकिन बैंक के पास एक अदद सुरक्षा गार्ड भी नहीं है। आईबी की सूचना के बाद से जिले में इन दिनों हाई अलर्ट है। ऐसे में दिनदहाड़े चार बदमाशों को पूरे असलहे के साथ बैंक तक पहुंचना सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती है। बदमाश हथियारों के साथ बैंक तक पहुंचे, आराम से लूट की घटना को अंजाम दिया और बगैर किसी खौफ के वहां से फरार भी हो गए।
हालांकि जैसे ही पुलिस को बैंक लुटने की सूचना मिली। चारों तरफ नाकेबंदी कर दी गई। बदमाश कैथल की ओर भागे हैं, ऐसे में कैथल पुलिस को भी अलर्ट किया गया लेकिन खबर लिखे जाने तक बदमाशों का कोई पता नहीं चल पाया था।
स्थानीय भाषा बोल रहे थे बदमाश
खास बात यह है कि बदमाशों के स्थानीय होने का ही अंदेशा जताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बैंक के अंदर मौजूद दोनों बदमाश स्थानीय भाषा ही बोल रहे थे। इससे लगता है कि वे जिले के ही या आसपास के ही क्षेत्र के हैं। पुलिस इस दिशा में भी कार्रवाई कर रही है।
ग्राहकों से कहा, सिर पर हाथ रखों और बैठ जाओ
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बदमाशों ने सिर्फ बैंक की रकम को ही निशाना बनाया। जो ग्राहक पैसा निकाल चुके थे और जो जमा कराने के लिए वहीं मौजूद थे उन्हें नहीं लूटा गया। एक व्यक्ति ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि बदमाशों ने ग्राहकों से कहा कि सभी लोग सिर पर हाथ रख कर खामोश बैठ जाएं। घबराएं नहीं। इसके बाद वे बैंक की राशि लेकर फरार हो गए।
एसपी सहित आला अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना के बाद मौके पर एसपी सिमरदीप सिंह, सीआईए वन और टू के अलावा सदर थाना, सिटी थाना और महिला थाना एसएचओ भी पहुंचे। शाम करीब पांच बजे फारेंसिक टीम भी बैंक में पहुंची।