अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। सैनी मोहल्ला निवासी 9 वर्षीय एक बच्चे के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्चे के लापता होने से परिवार सदमे है। परिवार ने बच्चें के लापता गायब होने की सूचना पुलिस को कर दी गई है। खबर लिखें जाने तक लापता बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया था। सैनी मोहल्ला निवासी बीना देवी ने बताया कि उसका 9 वर्षीय बेटा दीपक पुत्र राकेश कुमार एक निजी संस्थागत स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ता है। वीरवार सुबह दीपक घर से स्कूल के लिए निकला था और स्कूल भी पहुंचा था। लेकिन देर शाम तक घर वापिस नहीं आया। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी जगह बच्चे की तलाश की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। उधर, स्कूल से बच्चे के लापता होने की सूचना से स्कूल प्रशासन में भी हडकंप मचा हुआ है। सूचना पाकर स्कूल शिक्षक लापता छात्र के घर पहुंचे और बच्चे के बारे में जानकारी हासिल की। स्कूल में कार्यरत एक टीचर ऊषा रानी ने बताया कि उन्होंने छुट्टी के बाद दीपक को स्कूल से बाहर जाते हुए देखा था। खबर लिखे जाने तक पुलिस घर व स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर रही थी।
सीसीटीवी में घर के पास दिखा दीपक
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दीपक घर के पास आता हुआ दिखाई दे रहा है। उधर, परिजनों का कहना है कि दीपक घर पहुंचा ही नहीं। दीपक ने स्कूल की वर्दी डाली हुई है और उसका स्कूल बैग उसके साथ है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में लगी हुई थी।