अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। गुरप्रीत हत्याकांड में शाहाबाद बस अड्डे से शनिवार को पकड़े गए आरोपी रविंद्र उर्फ रवि का भाई उधम सिंह राणा भी शामिल था। पूरे ग्रुप का लीडर मनजीत राणा है। यह खुलासा सीआईए-1 पुलिस की पूछताछ में रविंद्र ने किया है। उसे पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी ने वारदात में शामिल 6 अन्य आरोपियों के नाम की भी पुष्टि की है।
इंस्पेक्टर केवल सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी रवि ने बताया कि इस वारदात में उसके साथ गांव सूढ़पुर का आदित्य उर्फ आदि राणा, अंबाला की लायलपुर बस्ती का सिमरन सिंह उर्फ झंडी, मॉन्टी सरदार, गांव मुगलमाजरा का अजय और राहुल, गांव तंगौर का प्रिंस व मनजीत राणा उसके साथ थे। तंगौर का मनजीत राणा ग्रुप का लीडर है। वहीं, उधम सिंह रवि उसका सगा भाई है। इंस्पेक्टर केवल सिंह ने बताया कि रवि उर्फ रविंद्र की निशानदेही पर छापामारी की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
भूपी राणा ग्रुप में था रवि, मोनू राणा ग्रुप को मानता था गुरप्रीत, 6 नवंबर को हुई गुरप्रीत की रैकी
इंस्पेक्टर केवल सिंह ने जानकारी दी कि आरोपी रवि ने बताया कि वह बीआर भूपी राणा ग्रुप में शामिल था और मृतक गुरप्रीत सिंह मोनू राणा ग्रुप को मानता था। दो माह पूर्व गुरप्रीत की भूपी राणा ग्रुप के सदस्यों से गाली-गलौज हुई थी। जिस पर तभी से इस ग्रुप की खुन्नस गुरप्रीत से हो गई थी और तभी से गुरप्रीत के अकेले मिलने की ताक में थे। दीवाली से एक दिन पूर्व 6 नवंबर को गुरप्रीत की रैकी की गई और शाहाबाद कुटिया रोड पर इसे अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
देहरादून भाग गया था रवि
इंस्पेक्टर केवल सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी रवि ने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने के बाद वह देहरादून भाग गया था, लेकिन पैसे खत्म होसने के कारण वह शाहाबाद पैसों की व्यवस्था करने के लिए आया था जहां पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस मामले के कुछ साथी मौहाली क आस-पास किराए का कमरा लेकर रह रहे हैं और कुछ दिल्ली, पंजाब व यूपी फरार हुए हैं। पुलिस ने रवि से मिली जानकारी के बाद उनकी तलाश भी शुरू कर दी है।
यह था मामला
उल्लेखनीय है कि दिवाली से एक दिन पूर्व शाहाबाद के सबसे व्यस्त बाजार कमेटी चौक में गांव मद्दीपुर निवासी 22 युवक गुरप्रीत सिंह की की सरेआम चाकूओं से गोद कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मनजीत सिंह निवासी गांव तंगौर, रवि राणा निवासी गांव कठुआ, ऊधम राणा निवासी गांव कठुआ, आदि राणा निवासी गांव सूढ़पुर तथा 4-5 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज था।