अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
एक युवा सब्जी व्यापारी का पुलिस चार माह बाद भी सुराग नहीं लगा सकी है। बेटे का कोई सुराग न मिलने से उसकी मां शशिबाला और बहन आईना बेहाल हैं। युवा व्यापारी की तलाश के लिए वे कई बार पुलिस से गुहार लगा चुकी है, लेकिन अब तक उसका सुराग नहीं लगा है। सब्जी मंडी में आढ़त का काम करने वाला सब्जी व्यापारी निप्पत कुमार सेतिया पुत्र नानक चंद सेतिया छह जून को सुबह सब्जी मंडी में दुकान पर जाने के लिए निकला था, लेकिन न तो दुकान पहुंचा और न ही घर वापस आया। बहुत तलाश के बाद परिजनों को उसकी स्कूटी रादौर थाना क्षेत्र के गांव राझेडी में नहर के पास मिली थी। व्यापारी का उसके बाद से ही सुराग नहीं है।
व्यापारी की मां शशिबाला ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सात जून को लाडवा पुलिस में लिखवाई थी। लापता व्यापारी की बहन आईना सेतिया का कहना है कि उसका भाई अपने दो बिजनेस पार्टनरों की वजह से दबाव और मानसिक तनाव में था। लापता होने से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था। इसमें उसने दोनों पार्टनरों का नाम लिखा था। आईना ने बताया कि सुसाइड नोट में दर्ज दोनों पार्टनरों ने उसके साथ धोखाधड़ी की थी। उसका एक पार्टनर बाजार से सब्जी की उगाही करता था। सब्जी के व्यापारियों का पेमेंट करने के बजाय सब्जी के थोक व्यापारियों को उसके भाई के पास भेज देता था। लापता व्यापारी के परिजनों ने बताया कि उस पार्टनर ने उनकी सब्जी मंडी स्थित दुकान भी हड़प ली। उसके भाई की एचडीएफसी बैंक की जीवन बीमा पालिसी में भी उसको नामिनी बना हुआ है। उन्होंने बताया कि निप्पत सेतिया के गायब होने के बाद पुलिस ने एक पंचायत कराई। इसमें निप्पत के पार्टनर और उसके साथ आए लोगों ने उन दोनों को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद भी पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में ढीला रवैया अपना रही है। पुलिस ने न तो लापता निप्पत कुमार का ही कोई सुराग लगाया और न ही सुसाइड नोट में दर्ज दोनों लागों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि लापता निप्पत कुमार का पता लगवाया जाए और सुसाइड नोट में दर्ज दोनों लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कारवाई की जाए। इस संबंध में लाडवा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर निर्मल कुमार ने बताया कि व्यापारी की गुमशुदगी का मामला दर्ज है। जांच चल रही है। सुसाइड नोट पर कहा कि गायब सब्जी व्यापारी का लेन-देन का मामला है। पहले भी वह घर से इसी प्रकार चल गया था। जांच के बाद ही मामले का सही पता चल पाएगा।