दो दुकानों से लाखों के लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
पुलिस की अनदेखी और लापरवाही के चलते चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, जिसके चलते ही अब सेक्टर 17 की मार्केट भी चोरों के निशाने पर आ गई है। चोरों ने एक ही रात में जहां दो दुकानों से लाखों रुपये के लैपटॉप चोरी कर लिए तो वहीं एक अन्य दुकान से भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन सीसीटीवी कैमरे की वजह से यहां पर वारदात टल गई। जानकारी अनुसार चोरों ने सेक्टर 17 स्थित आर्य समाज मार्केट में अदिति कम्यूनिकेशन और पीएल प्लेनेट पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अदिति कम्यूनिकेशन के मालिक जगदीप ने बताया कि चोर उसकी दुकान से करीब 10 लाख रुपये के 21 नए और आधा दर्जन से अधिक पुराने लैपटॉप चोरी कर ले गए। वहीं अदिति कम्यूनिकेशन के समीप ही स्थिति पीएल प्लेनेट के मालिक विक्रमजीत ने बताया कि उसकी दुकान से करीब 4 लाख रुपये के लैपटॉप, पैन ड्राइव व अन्य सामान चोरी कर लिया गया। दोनों दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नष्ट कर दिया तो उनसे डीवीआर भी निकाल ले गए। चोरों ने दोनों दुकानों के शटर और शीशे के दरवाजों पर लगे ताले काटकर दोनों घटनाओं को अंजाम दिया, जिनका उन्हें सुबह दुकान पर आने के बाद ही पता चला। इसके उपरांत उन्होंने तत्काल ही पुलिस को सूचित किया और सुभाष मंडी चौकी प्रभारी के अलावा फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किए। इन घटनाओं से पूरे सेक्टर के दुकानदारों में भय का माहौल बना हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि पुलिस की अनदेखी और लापरवाही के चलते ही चोर धड़ल्ले से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
सीसीटीवी कैमरे के चलते टली वारदात
सेक्टर 17 में ही स्थित रेडिमेंट गारमेंट्स की दुकान जिंगल बैल में भी चोरी का प्रयास किया गया। दुकान मालिक अक्षय कुमार ने बताया कि चोरों ने शटर के ताले तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन दुकान के ऊपर लगे कैमरे को देख दोनों चोर वहां से फरार हो गए। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कैमरे की फुटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली, जिसमें चादर ओढ़े एक युवक ताले तोड़ने का प्रयास कर रहा है तो दूसरा सड़क पर उसके साथ खड़ा हुआ है।
सूचना देने पर भी नहीं पहुंची पुलिस
पुलिस की तत्परता का अंदाजा इसी से ही लगाया जा सकता है कि चोरी के प्रयास की सूचना देने पर भी पुलिस नहीं पहुंची। जिंगल बैल के मालिक अक्षय कुमार ने बताया कि उन्होंने कई बार पुलिस कंट्रोल रूम में तो सुभाष मंडी चौंकी में भी फोन कर सूचना दी, लेकिन कई घंटे तक भी पुलिस नहीं पहुंची। जब बाद में एसपी से मिलने की बात कही तो पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंची सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
अदिति कम्यूनिकेशन में मार्च माह में भी हुई थी चोरी
कुछ दिनों पहले भी चोरों ने सेक्टर 17 में ही चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया, लेकिन आज तक पुलिस चोरों का सुराग नहीं लगा पाई। अदिति कम्यूनिकेशन के मालिक जगदीप सिंह ने बताया कि इसी वर्ष 29 मार्च को भी उनकी दुकान से करीब 12 लाख रुपये के लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर लिया था, जिसे अंजाम देने वाले चोरों का पुलिस आज तक सुराग नहीं लगा पाई है। वहीं आर्य समाज मार्केट में ही कुछ समय पहले टीवी शोरूम से चोरों ने लाखों रुपये के टीवी चोरी कर लिए थे।
खंगाली जा रही है सीसीटीवी फुटेज : सेवा सिंह
सुभाष मंडी चौंकी इंचार्ज सेवा सिंह का कहना है कि दोनों घटनाओं को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है और आस-पास की दुकानों पर भी लगे सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। चोरों ने दोनों दुकानों के सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए हैं, लेकिन रेडिमेड गारमेंट्स की दुकान में आए संदिग्ध चोरों की भी तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही चोरों को काबू कर लिया जाएगा।