कुरुक्षेत्र । प्राख्यात समाजसेवी एवं व्यापारी देवेंद्र सिंगला के घर माह भर पूर्व हुई डकैती के आरोपियों को पुलिस ने पहले ही पकड़ लिया था। अब पकड़े गए तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनकी कार से डकैती में इस्तेमाल अस्त्र और लूटे गए माल को बरामद किया।
यह जानकारी देते हुए अपराध शाखा दो के प्रभारी इंस्पेक्टर मलकीत सिंह ने बताया कि एक मास्टर माईंड मुख्य आरोपी पुलिस की पहुंच से बाहर है। पुलिस का दावा है कि चौथे आरोपी अजय के पुलिस गिरफ्त में आने के बाद अनेक अन्य मामलों से पर्दा उठेगा। मलकीत सिंह ने बताया कि उनकी टीम एएसआई दलजीत सिंह, एएसआई नीरज, हेड कांस्टेबल रणदीप, सिपाही मनोज, हैड कांस्टेबल सतीश कुमार व दीपक कुमार की टीम आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है ।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने देवीगढ निवासी रणजीत सिंह, मेरठ निवासी पवन कुमार, नरेंद्र निवासी बुबका को काबू कर लिया है। जानकारी अनुसार रणजीत व नरेंद्र भारतीय सेना में नौकरी करते थे, लेकिन 10 वर्ष पहले इन्होने अंबाला के बैंक में लूटपाट की थी और इसके बाद इन्हें भारतीय सेना से बर्खास्त कर दिया गया था। मुख्य मास्टर माईंड अजय की गिरफतारी होने के बाद ही अन्य आरोपियों व इस डकैती की रचना कहां व कैसे हुई, किन व्यक्तियों ने देवेंद्र सिंगला की कोठी की रेकी की और इस गैंग ने कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया से पर्दा उठ सकेगा।