फोटो नंबर - 18, 19
इलाज के नाम पर पैसे ऐंठने वाला तांत्रिक काबू
- पत्नी के इलाज के लिए पति से ऐंठे थे बीस हजार
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। झाड़-फूंक की आड़ में लोगों से पैसे ऐंठने की शिकायत पर पुलिस ने एक तांत्रिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। आरोपी तांत्रिक पिछले काफी समय से इंद्री चौक की मार्केट के फर्स्ट फ्लोर पर बीमारियों का इलाज करने, वशीकरण एवं अन्य समस्याओं का तंत्र-मंत्र से इलाज करता था। एक बीमार महिला के इलाज के लिए लिए तांत्रिक ने उसके पति से बीस हजार रुपये लिए थे, लेकिन इलाज न होने पर युवक ने पैसे मांगे तो उसने देने से मना कर दिया। इस पर युवक ने पुलिस को शिकायत दी थी।
गांव हथीरा निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी काफी समय से बीमार चल रही है। कई जगह इलाज कराने पर भी जब वह ठीक नहीं हुई तो वह करीब चार माह पहले यहां इंद्री चौक पर ज्योतिष कार्यालय चला रहे तांत्रिक के पास गया। तांत्रिक ने इलाज के लिए उससे दस हजार रुपये लेकर छह लड्डू और एक ताबीज देकर कहा कि इसे घर में रखने से उसकी पत्नी ठीक हो जाएगी। जब पत्नी एक माह तक ठीक नहीं हुई तो वह दोबारा तांत्रिक के पास आया। तांत्रिक ने कहा कि छह बकरे चढ़ाकर तंत्र पूजा करनी पड़ेगी। उसके लिए चालीस हजार रुपये का खर्च आएगा। जब उसने इतने पैसे होने से मना कर दिया तो तांत्रिक ने तंत्र पूजा के लिए दस हजार रुपये ले लिए और उसकी पत्नी के ठीक हो जाने का आश्वासन देकर भेज दिया। पत्नी के ठीक न होने पर जब उसने पैसे वापस मांगे तो तांत्रिक ने मना कर दिया। सोमवार को दोबारा पैसे वापस मांगने गया तो तांत्रिक के कार्यालय में मौजूद दो महिलाओं ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इस पर उसने लाडवा पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर जाकर तांत्रिक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि तांत्रिक को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।