गांव गुलडेहरा की दुकान से 438 अवैध शराब की पेटियां बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
गांव गुलडेहरा स्थित एक दुकान से पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर 438 शराब की अवैध पेटियां बरामद की हैं। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी जयनारायरण शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव गुलडेहरा स्थित एक दुकान पर ठेके की अवैध शराब बेची जा रही है। वहां वर्तमान में भी बड़ी मात्रा में अवैध शराब पड़ी है।
पुलिस ने यह सूचना आबकारी विभाग को दी। इसके बाद आबकारी अधिकारियों को साथ को लेकर मौके पर रेड की। कार्रवाई में मौके से 438 अवैध शराब देसी और अंग्रेजी की पेटियां बरामद कीं। उन्होंने बताया कि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगी। आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर अशोक मलिक ने बताया कि विभाग ने शुक्रवार को पिहोवा में छह मेन ठेके और नौ उपठेकों को सील किया था। ये ठेके पिहोवा में अवैध रूप से चल रहे थे। इन ठेकों ने अपनी सरकारी फीस नहीं भरी थी। इस पर आबकारी विभाग ने इन 15 ठेकों को सील किया था। आशंका जताई जा रही है यह शराब उन्हीं अवैध ठेकों से लाकर इस दुकान में रखी गई थी।