शातिर ठगों एक उपभोक्ता को इंश्योरेस पॉलिसी का बकाया बताकर 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नौ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना सदर पुलिस में दर्ज शिकायत में गांव रतनडेरा वासी बलकार सिंह ने कहा कि उसने मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की बीमा पॉलिसी कराई थी। उसे इस पॉलिसी का पैसा मिल चुका था। मैक्स लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के पूरा होने के कुछ दिन बाद उसे एक व्यक्ति भारत भूषण का कॉल आया था, जिसने उसे बताया कि वह आईटीएमएस पॉलिसी विभाग में अधिकार है और उनका मैक्स लाइफ इंश्योरेस पॉलिसी का तीन लाख 22 हजार रुपये बकाया है। उसकी बकाया रकम उनके खाते में जमा कराने के बाद उसे छह लाख 22 हजार रुपये मिलेंगे। आरोपी ने उसे भरोसा दिलाते हुए अपने बैंक खाते एक्सिस बैंक ब्रांच बीड़ पिपली, कुरुक्षेत्र व आईसीआईसी बैंक ब्रांच पिपली के खाते से आरटीजीएस से नवीन कुमार गौतम के खाते में तीन लाख 22 हजार रुपये डलवा लिए थे। उसे बताया गया कि उसके खाते में 15 हजार रुपये पेंशन आनी शुरू हो जाएगी। बाद में आरोपी भारत भूषण ने फोन करके कहा कि उसे अभी और पैसे ट्रांसफर करने होंगे। शिकायतकर्ता ने नवीन कुमार गौतम के खाता में कुल 63 लाख रुपये आरटीजीएस से अलग-अलग तारीख में ट्रांसफर किए थे। आरोपी भारत भूषण, रेणुका, पदम, प्रभाकर चौधरी व रघुवंशी ने उसे फोन करते रहे और उसे कहा कि उसकी कंपनी का प्रबंधक बदल गया है। इसके साथ ही टैक्स भी बढ़ गया है। उसे 18 लाख रुपये और आरटीजीएस कराने होंगे। कुछ दिन बाद आरोपी रेणुका ने फोन करके बताया कि उसके प्रबंधक की तबीयत खराब है वह कृतिका नरूला के फिन केयर बैंक खाते में 12 लाख 65 हजार रुपये ट्रांसफर कराए नहीं तो उसकी पेंशन बंद कर दी जाएगी। इस तरह उसके झांसा देकर आरोपियों ने उसके साथ करीब 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने भारत भूषण, रेणुका, पदम, प्रभाकर चौधरी, रघुवंश, नवीन कुमार गौतम, कृतिका नरुला, शालिनी कपूर, जयराम सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी व साजिश रचने का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच में पुलिस साइबर सेल की मदद ले रही है।
एसपी डॉ. अंशु सिंगला ने बताया कि जालसाज सोशल मीडिया व डेटिंग साइट पर लुभावनी स्कीम बताकर लिंक भेजते हैं। नागरिक किसी से भी अपनी व्यक्तिगत, बैंक सहित अन्य कोई जानकारी साझा न करें।