बिजली चोरी के छापेमारी के दौरान गांव बारना में बिजली कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट के विरोध में शुक्रवार को एएचपीसी कर्मचारी यूनियन ने रोष प्रकट किया। यूनियन ने डीसी, एसपी और बिजली निगम के एसई के नाम ज्ञापन सौंपते हुए हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान सभी कर्मचारी जिला उपमंडल अधिकारी संचालक उपमंडल नंबर-1 कार्यालय में इकट्ठे हुए। इसके पश्चात सर्व हरियाणा बिजली निगम कर्मचारी यूनियन की सब यूनिट गेट-1 की मीटिंग की गई, जिसकी अध्यक्षता यूनिट प्रधान राजेश कुमार ने की। 25 अक्तूबर को गांव बारना में बिजली चोरी के दौरान ग्रामीणों द्वारा बिजली कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज व जातिसूचक शब्द कहने के विरोध में रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधान ने कहा कि पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों को गिरफ्तारी करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे मजबूरन दिवाली के त्यौहार को देखते हुए कर्मचारियों को न चाहते हुए भी आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसका जिम्मेदार प्रशासन होगा।
बिजली निगम के एसई कर्ण सिंह भोरिया ने बताया कि गत दिनों कर्मचारियों के साथ हुए दुर्व्यवहार की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की जांच की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
केयूके थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी आरोपी फरार हैं। पांच लोगों को नामजद किया जा चुका है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके लिए टीमें गठित की गई हैं। सीआईए भी इसकी जांच में जुटी हुई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।