शाहाबाद में जीटी रोड पर जंगल में पेड़ के नीचे आरडीएक्स रखने वाले आतंकी शमशेर सिंह उर्फ शेरा और रोबिनप्रीत को एसटीएफ ने मंगलवार को शाहाबाद न्यायालय में पेश किया। यहां से इन आतंकियों को ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है। पुलिस के सख्त पहरे व घेराबंदी के बीच दोनों आतंकियों को न्यायालय में पेश किया गया था। करीब 15 मिनट की पेशी के बाद उनको एसटीएफ अपने साथ ले गई। हालांकि एसटीएफ की टीम ने मीडिया से बातचीत नहीं की।
काबिलेगौर है कि अंबाला एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि पंजाब वासी एक व्यक्ति पंजाब से कुछ विस्फोटक सामग्री शाहाबाद के निकट एक स्थान पर रख फरार हुआ है। अब यहां से इस विस्फोटक सामग्री को कोई दूसरा व्यक्ति किसी दूसरे ठिकाने पर लेकर जाने वाला है। एसटीएफ ने अभियान चलाते हुए एनआईए के इनपुट पर पंजाब के तरनतारन वासी शमशेर सिंह उर्फ शेरा वासी चोला साहिब को काबू कर लिया। शमशेर की निशानदेही पर चार अगस्त वीरवार शाम पांच बजे एसटीएफ ने शाहाबाद में जीटी रोड के किनारे मिर्ची होटल के पास जंगल से पेड़ के नीचे से सामग्री को बरामद कर लिया था। उसके बाद शमशेर की निशानदेही पर पुलिस ने बलजीत सिंह को डेढ़ अफीम के साथ तथा रोबिनप्रीत को गिरफ्तार किया था।
वहीं एसटीएफ इस संबंध फरार आतंकियों को काबू करने के लिए दबिश दे रही है। इस मामले में दो अन्य आरोपी नछत्तर और अर्शदीप के नाम जुड़ रहे हैं। माना जा रहा है कि नछत्तर और अर्शदीप सत्ता उर्फ सतनाम के साथ काम करते है। फिलहाल इनकी गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही मामले का खुलासा होगा।