संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। बारिश की मार और ठंड से अभी तक भी राहत नहीं मिली है। सूर्यदेव के मंगलवार को शाम चार बजे थोड़ी देर के लिए दर्शन हुए। दिनभर बादल छाए रहने से ठिठुरन ज्यों की त्यों बनी रही। उधर, खेतों में जलभराव की स्थिति पैदा होने से किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसान जलभराव में हुए नुकसान की स्पेशल गिरदावरी कराने की मांग कर रहे हैं।
इस्माईलाबाद में भाकियू के ब्लॉक प्रधान गुरनाम सिंह के नेतृत्व में किसानों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और सरकार से खेतों की स्पेशल गिरदावरी कराने की मांग की है। लगातार कई दिन बारिश होने के कारण शाहाबाद, बाबैन, लाडवा और इस्माईलाबाद क्षेत्र में गेहूं की फसल सहित सब्जी की अन्य फसलें नष्ट हो गई है, जिसका मुआवजा दिलाने के लिए किसान गिरदावरी की मांग कर हैं।
किसान यूनियन के ब्लॉक प्रधान गुरनाम सिंह ने कहा कि जनवरी में दो बार भारी बरसात के कारण खेतों में जलभराव होने से गेहूं, आलू, मटर, टमाटर, तोरई व सरसों की फसल को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही कर्ज के बोझ से दबा है। जलभराव से उसकी सारी उम्मीदों पर पानी फिर गया है। सरकार को आगे आकर किसानों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग रखी है कि सरकार स्पेशल गिरदावरी कराके किसानों को उनके नुकसान के हिसाब से आर्थिक मदद दे, ताकि किसान बेमौसम की बरसात से फसलों में हुए नुकसान से बच सके।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि सूरजमुखी का बीज मार्केट में उपलब्ध नहीं हो रहा है, जबकि सूरजमुखी की बिजाई का समय आ चुका है। कंपनियां कालाबाजारी की फिराक में है। सरकार को सरकारी बीज केंद्रों पर बीज उपलब्ध कराने मांग रखी है, ताकि किसानों के साथ कोई कालाबाजारी न कर सके। इस अवसर पर प्रगट सिंह, सुखबीर सिंह, कुलवीर सिंह, कुलदीप, मलकीत, जोरावर सिंह, चरणजीत सिंह, खजान नैन, सोनू समरा व मनजीत सिंह आदि मौजूद रहे।