कुरुक्षेत्र/पिहोवा। खुद को पुलिस कर्मचारी बताकर दो युवकों ने एक दुकानदार से पांच हजार रुपये और सोने की अंगूठी ठग ली। दुकानदार को ठगी का अहसास होता, इससे पहले आरोपी बाइकसवार मौके से फरार हो गए।
पुलिस को दी शिकायत में तिलक कॉलोनी निवासी कृष्ण लाल रहेजा ने बताया कि उसकी मुख्य बाजार में दुकान है। सोमवार को दोपहर में ढाई बजे के करीब वह स्कूटी से दुकान जा रहा था। जब वह पिहोवा चौक हनुमान मंदिर के पास पहुंचा तो पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया।
उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए रुकने का इशारा किया। साथ ही कहा कि पीछे एक महिला का बैग गिर गया है, जिसमें लाखों के जेवर और नकदी हैं। आरोपियों ने कहा कि जेवरों पर स्टांप लगे हुए हैं और उसे तलाशी देनी होगी। दुकानदारों को झांसे में लेकर आरोपियों ने उसके जेब से पांच हजार रुपये और हाथों की अंगूठी निकलवा ली। जब तक दुकानदार कुछ समझ पाता आरोपी बाइक सवार मौके से कुरुक्षेत्र की ओर फरार हो गए। उन्होंने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।