संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। बराड़ा रोड पर वीरवार को मां, भाभी व भाई पेंशन लेकर लौट रहे युवक से दो बदमाश पिस्तौल के बल पर साढ़े सात हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। युवक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। थाना शाहाबाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश की। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव रामनगर के रहने वाले जितेंद्र सिंह बताया कि वह गांव ईशरहेड़ी में अपनी मां, भाभी व भाई की बुढ़ापा पेंशन लेने के लिए बाइक पर गया था। वह पेंशन के साढ़े सात हजार रुपये लेकर बाइक पर लौट रहा था। दोपहर करीब एक बजे वह बराड़ा रोड शाहाबाद से बांध वाले कच्चे रास्ते से बांध के करीब पहुंचा। इस दौरान दो लोगों ने उसे लिफ्ट मांगने का इशारा किया। जैसे ही उसने अपनी बाइक को रोका तो एक युवक ने उसकी गर्दन पर पिस्तौल रख दी और उसे नकदी सहित सब सामान देने की धमकी दी।
दूसरे युवक ने उसकी जेब से पेंशन के साढ़े सात हजार रुपये निकाल लिए। आरोपियों का तीसरा साथी बांध पर बिना नंबर की बाइक पर कुछ आगे खड़ा था, जो उन दोनों को अपने साथ बाइक पर बैठाकर जीटी रोड शाहाबाद की तरफ फरार हो गया। तीनों आरोपियों ने अपना मुंह सफेद कपड़े से बांधा हुआ था। उसने घर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी अपने बड़े भाई को दी। उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।