छात्र के साथ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और जाति बोधक शब्द कहने के आरोप में पुलिस ने सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। छात्र ने प्रिंसिपल पर दबाव बनाकर अन्य शिक्षकों के खिलाफ भी झूठी शिकायत देने तथा जातीय भेदभाव करने के आरोप भी लगाए हैं। वहीं शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। कमेटी की जांच रिपोर्ट के बाद विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
थाना झांसा पुलिस को दी अपनी शिकायत में आशीष वासी मेघा माजरा ने बताया कि भुस्तला के सरकारी स्कूल 10वीं कक्षा का छात्र है। 13 मई की सुबह करीब साढ़े सात वह अपने चचेरे भाई अभिषेक को स्कूल छोड़ने के लिए गया था। उस दिन उसका स्कूल में 11वीं कक्षा पेपर था। उसे स्कूल छोड़ने के बाद वह गेट से वापस जाने लगा तो स्कूल प्रिंसिपल ने उसके साथ गाली-गलौज और जाति बोधक शब्द बोलते हुए स्कूल में अंदर घसीट लिया। उसने विरोध किया तो उसने पुलिस को मौके पर बुला लिया। इसी दौरान उसकी मां भी स्कूल में आ गई और प्रिंसिपल ने उसकी मां के सामने भी उसके साथ मारपीट की तथा गाली-गलौज की और पीटते हुए दूसरे कमरे में ले गया, जहां उसने उस पर दबाव बनाकर स्कूल के अन्य तीन शिक्षकों के खिलाफ शिकायत लिखवा कर उसके हस्ताक्षर करा लिए थे। उसे धमकी भी दी कि वह उसे किसी झूठे केस में फंसा देगा। शिकायतकर्ता अनुसार उपरोक्त प्रिंसिपल उसके साथ पहले ही जातीय भेदभाव रखता आया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एससी एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
थाना झांसा प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। डीएसपी रामदत्त मामले की जांच कर रहे हैं। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने बताया कि मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। इस कमेटी की जांच रिपोर्ट के बाद विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।