पटियाला रोड पर गांव बोधनी के निकट पुलिस की वर्दी मेें आए कार सवार बदमाशों ने जीजा-साले को डरा धमकाकर उनसे तीन लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। गिरोह के एक सदस्य ने शिकायतकर्ता को एक लाख रुपये के बड़े नोट लेकर डेढ़ लाख रुपये के छोटे नोट देने का लालच दिया था। बदमाश युवक को झांसे में लेने के बाद उसे दूसरी जगह ले गए, जहां उसके अन्य साथियों ने वारदात को अंजाम दिया।
थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में पटियाला के गांव हरीगढ़ निवासी बलजिंद्र सिंह ने बताया कि वह बढ़ई है और सामान खरीदने के लिए पिहोवा आता रहता है। 30 नवंबर को उसने यूको बैंक शाखा कन्नौर से एक लाख 47 हजार रुपये निकलवाए थे। इसी दौरान उसे बैंक के बाहर उसे एक व्यक्ति मिला, जिसने उसका फोन लेकर किसी से बातचीत की थी। उसके घर आने के बाद एक अनजान व्यक्ति ने उसे फोन कर कहा कि उसके पास दो नंबर के 100-100 रुपये के काफी सारे नोट है। उसे 500-500 व 2000-2000 रुपये के नोट के बदले छोटे नोट चाहिए तो वह एक लाख रुपये के बदले डेढ़ लाख रुपये देने के लिए तैयार है। अगली सुबह 9 बजे वह अपने साले कुलदीप सिंह वासी नन्योला नग्गल (अंबाला) और गांव के ही मलकीत सिंह के साथ एल्युमिनियम की सीट खरीदने के लिए कार में पिहोवा के लिए चला था। इसी दौरान रास्ते में उसके पास उसी व्यक्ति का फोन आया। जिसने बताया कि उसे 10-15 दिनों के लिए बाहर जाना है। अगर उसे अभी एक लाख रुपये के बदले डेढ़ लाख रुपये बदलने है तो वह बोधनी बस स्टैंड के पास आ जाए। करीब साढ़े 10 बजे जब वह गांव बोधनी के बस अड्डे के पास पहुंचा तो उस व्यक्ति ने उसे फोन करके रोक लिया और वह उस व्यक्ति से बातचीत करने लगा। इसी दौरान उसके पीछे एक रिट्ज कार आकर रुकी, जिसमें सवार दो लोगों ने उसे बैग में 100-100 रुपये के नोट के बंडल दिखाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह ये नोट चेक कर सकता है, उसे ऐसे ही 100-100 के नोट दिए जाएंगे। बदमाशों के झांसे में आकर उसने मलकीत सिंह को कार से उतार दिया और अपने साले कुलदीप के साथ उनकी कार के पीछे करीब दो किलोमीटर दूर तक चला गया। इसी दौरान उसकी कार के आगे एक डिजायर और पीछे इनोवा कार आकर रुकी। इन दोनों कार से पुलिस की वर्दी में 4-5 लोग उतरे और उसकी कार की तलाशी लेने लगे। इस दौरान उन लोगों ने कार से तीन लाख रुपये से भरा बैग उठा लिया और उन्हें डरा धमका कर अपनी-अपनी कार में बैठकर फरार हो गए। उसने मामले की सूचना उसने अपने परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस ने बलजिंद्र सिंह की शिकायत पर लूटपाट और धोखाधड़ी के आरोप में दर्ज कर लिया है।
वर्जन
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा भी लिया है। इस मामले में पुलिस साइबर सेल की मदद ले रही है। शीघ्र ही मामले को ट्रेस कर लिया जाएगा।
प्रतीक कुमार, थाना सदर प्रभारी