संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। भाजपा के स्थापना दिवस पर छह अप्रैल को पिहोवा में रैली का आयोजन किया। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल हलके के विकास के लिए करोड़ों रुपये की घोषणाएं करेंगे। रैली में भाजपा के प्रदेश प्रभारी और प्रदेशाध्यक्ष सहित कई नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। ये विचार खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह ने गांव बोधनी में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। इससे पहले उन्होंने सांसद नायब सैनी के साथ गांव धनीरामपुरा, अरुणाय, जुरासी, हरिगढ़ भोरख, बोधनी व संतपुरा में ग्रामीणों को रैली का न्योता दिया।
उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब के 400वें साला प्रकाश पर्व पर 24 अप्रैल को पानीपत में समागम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी दलों, सभी नागरिकों और सभी धर्मों के लोगों को निमंत्रण दिया है। इस दौरान खेल राज्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गांव धनीरामपुरा के निकट अंबाला-हिसार बाईपास पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यहां अंडरपास या ओवरब्रिज बनाने की मांग को भी केंद्र सरकार के समक्ष रखा जाएगा। इस दौरान खेल मंत्री संदीप सिंह ने गांव हरिगढ़ भोरख में पांच लाख की अनुदान राशि देने की घोषणा भी की है।
सांसद नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व में भारत का डंका बजाया है। पहले अफगानिस्तान में तालिबानियों ने कब्जा किया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की फ्लाइटें वहां एयरपोर्ट पर उतरी और वहां से श्री गुरु ग्रंथ साहिब की प्रतियों के साथ लोगों को सुरक्षित भारत लेकर आई।
इसी तरह यूक्रेन और रूस की लड़ाई में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से 22 हजार छात्रों को सुरक्षित लाया, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं हुई कि भारतीयों की तरफ आंख उठाकर भी देख ले। सांसद ने गांव धनीरामपुरा में पंचायत को विकास कार्यों के लिए पांच लाख, अरुणाय में पांच लाख, हरिगढ़ भोरख में पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर निवर्तमान सरपंच प्रवीण सैनी, सतीश सैनी, युधिष्ठिर बहल, रामकिशन दुआ, राकेश पुरोहित, विनीत गोयल मौजूद रहे।