संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। नगर पालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भाजपा ने गतिविधियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी ने सोमवार को विश्रामगृह में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में चुनाव को लेकर पांच सदस्य कमेटी का गठन भी किया गया है।
कमेटी का चेयरमेन त्रिलोचन सिंह हांडा को नियुक्त किया गया है। राजकुमार सतीजा, मंडल अध्यक्ष मुलख राज गुंबर, बलदेव राज सेठी, तिलक राज अग्रवाल कमेटी सदस्य होंगे। कहा कि इसके अलावा पार्टी की तरफ से मुलाना से भाजपा नेता ओमपाल को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। नरेंद्र डाबला जिले के विस्तारक के रूप में काम करेंगे।
बैठक के दौरान बेदी ने कहा कि यह कमेटी तय करेगी कि चुनाव किस तरह से लड़ना हैं और कौन कार्यकर्ता चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। यह कमेटी उम्मीदवार का निर्णय नहीं करेगी। कमेटी की ओर से रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ को सौंपी जाएगी। यह कमेटी कार्यकर्ताओं से सुझाव लेगी कि पार्टी को सिंबल पर चुनाव लड़ना चाहिए या बगैर सिंबल पर।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गठबंधन के साथ हैं और यह चुनाव जजपा से मिलकर लड़ना है। ृृसभी फैसले हाईकमान करेगा। प्राथमिकता पार्टी के कार्यकर्ता होगी लेकिन उम्मीदवार भाजपा का होगा या जजपा का इसे हाईकमान तय करेगा। शाहाबाद से जिताऊ उम्मीदवार का नाम तय किया जाएगा। इस मौके पर राजू चावला, नरेंद्र सिंगला, रविदत्त शर्मा, कर्णराज सिंह, पीयूष राव, गौरव बेदी, जोगेंद्र रत्ता, राजदीप कौर बाजवा, अनूप कुमार, दीपक कौशल आदि मौजूद रहे।