संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गांव अजराना कलां में सुरक्षा के लिए गार्द में तैनात एसपीओ (विशेष पुलिस अधिकारी) पर दो लोगों ने हमला कर कारबाइन छीनने का प्रयास किया। आरोपियों ने एसपीओ की वर्दी फाड़ दी और उससे नकदी छीन ली। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
थाना झांसा पुलिस को दी शिकायत में जिला पुलिस में एसपीओ के पद पर तैनात सतपाल ने कहा कि गांव अजराना कलां में जयदास के घर पर गार्द लगी हुई है। इस गार्द में वह और उसके साथ एसपीओ सतनाम सिंह, एसपीओ विनोद कुमार, एसपीओ अनिल कुमार, एसपीओ नसीब सिंह, एसपीओ सतविंद्र सिंह व मुख्य सिपाही रिक्की की ड्यूटी है। गार्द कप्तान सिंह के मकान में रह रही है, जो निर्माणाधीन है। गार्द के पास एक कारबाइन है।
वह वीरवार रात साढ़े आठ बजे एसपीओ सतनाम सिंह के साथ निर्माणाधीन मकान में मौजूद था। उसी समय गांव अजराना कलां के विकास व विजय थ्री-व्हीलर में सवार होकर आए। उन्होंने शराब के नशे में उसके साथ गाली-गलौज कीा और मारपीट करके उसकी वर्दी फाड़ दी। विकास व विजय ने लड़ाई झगड़े में एसपीओ सतनाम सिंह से असलहा छीनने का भी प्रयास किया। आरोपियों ने उसकी जेब से पर्स छीन लिया, जिसमें करीब एक हजार रुपये थे। उन्होंने इसकी सूचना थाने में दी। पुलिस टीम को देखकर विकास थ्री-व्हीलर में सवार होकर फरार हो गया, जबकि विजय को टीम ने काबू कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके दूसरे आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी।