संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गांव बाहरी के लापता नाबालिग के परिजनों ने पुलिस का अल्टीमेटम खत्म होने पर शुक्रवार को दोबारा पिपली-थर्ड गेट मार्ग पर एलएनजेपी अस्पताल के सामने जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को मामले की जांच की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन शांत हुए।
पुलिस ने मामले की जांच सीआईए एक को सौंपी है। पुलिस कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने झांसा रोड पर सरस्वती नदी में भी सर्च अभियान चलाया। बाहरी मोहल्ला निवासी विनोद कुमार ने कृष्णा गेट थाना पुलिस में दी शिकायत में बताया कि बुधवार को बाहरी मोहल्ला निवासी सचिन का जन्मदिन था। उसका 15 वर्षीय पुत्र रजत भी सचिन के जन्मदिन की पार्टी में गया था। उसे पता चला है कि पार्टी में और भी बच्चे शामिल थे।
बच्चोें ने रात को सचिन के जन्मदिन की पार्टी मनाई थी। रात को उसका पुत्र रजत घर नहीं आया। उसने अपने परिवार के साथ काफी तलाश की, मगर रजत का कुछ पता नहीं चला था। उनका आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे नाराज हो परिजनों ने वीरवार शाम जाम लगा दिया था। आरोप है कि रजत का किसी ने अपहरण किया है और पुलिस केवल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करके लापरवाही बरत रही है।
इस पर पुलिस ने परिजनों को शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक बच्चे का सुराग लगा आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, मगर दोपहर 12 बजे के परिजन व ग्रामीण फिर से एलएनजेपी अस्पताल के बाहर एकत्रित हो गए। उन्होंने पिपली-थर्ड गेट मार्ग को जाम करने का प्रयास किया, मगर पुलिस ने उनको समझा कर शांत किया।
पुलिस ने हिरासत में लिए कुछ युवकों के नाम भी परिजनों को बताए और पूछताछ के बाद खुलासा करने का आश्वासन दिया। संतुष्ट होने पर परिजन व ग्रामीण लौट गए। डीएसपी मुख्यालय सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस नाबालिग की तलाश कर रही है। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में भी लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।