संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। रात के 12 बज चुके थे। हम एटीएम से कुछ पैसे निकलवाने और बूथों पर सुरक्षा की पड़ताल करने के लिए शहर में निकले थे। रात 12 बजे से लेकर दो बजे तक शहर में अलग-अलग जगह 40 एटीएम बूथों पर गए। इनमें से 38 बूथ बंद मिले। ऐसा इसलिए कि जिन एटीएम बूथों पर सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं है पुलिस उन बैंकों के प्रबंधकों के खिलाफ मामले दर्ज कर रही है। साथ ही यह कवायद एटीएम चोरी की वारदातों को कम करने के लिए किया जा रहा। ऐसे में बैंक प्रबंधकों ने रात के समय बूथों को बंद रखना ही ठीक समझा है।
हमने हाथ में डेबिट कार्ड लिए रात की तहकीकात झांसा रोड से शुरू की। सबसे पहले 12 बजकर 07 मिनट पर रोटरी चौक पहुंचे। यहां एसबीआई और आईडीबीआई बैंक के दो एटीएम बूथ हैं, जोकि बंद मिले। भद्रकाली मंदिर चौक के पास झांसा रोड पर ही 12 बजकर 10 मिनट पर एसबीआई के एटीएम बूथ का शटर दूर से बंद नजर आया। ध्यान से नजर डाली तो दिखाई दिया कि यह शटर बंद नहीं था, सिर्फ नीचे किया हुआ था। इसके आसपास कोई सुरक्षाकर्मी भी मौजूद नहीं था।
कुछ देर यहां इंतजार कर हम 12 बजकर 13 मिनट पर पुराना बाई पर पहुंचे। यहां पर भी एसबीआई का एटीएम बूथ, जो कि बंद था। आगे चलकर ताज पैलेस के पास दूर से एक बूथ नजर आया। नजदीक पहुंचे तो इस पीएनबी के एटीएम बूथ भी ताला लटका हुआ था। तहकीकात आगे बढ़ाते हुए हम 12 बजकर 20 मिनट पर थर्ड गेट पहुंचे। यहां पीएनबी और एक्सिस बैंक के दो एटीएम बूथ भी बंद मिले।
वहीं 12 बजकर 25 मिनट पर जाट धर्मशाला के पास भी एटीएम बूथ बंद था। इसके बाद हम सीधे रेलवे रोड पहुंचे। 12 बजकर 30 मिनट हो चुके थे। यहां केनरा बैंक, आईडीबीआई, एयू फाइनेंस बैंक, उज्जीवन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, एक्सिस, सेंट्रल, कैपिटल और एसबीआई इन सभी के एटीएम बूथों पर भी ताले लटके हुए थे।
रात 12 बजकर 35 मिनट पर रेलवे रोड से गीता स्कूल की ओर जाने वाली सड़क पर पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी, फेरडल के एटीएम बूथ बंद मिले। 12 बजकर 37 मिनट पर यूनियन बैंक, डीसीबी, आईसीआईसीआई के एटीएम बूथ भी बंद रहे। इसके बाद शास्त्री मार्केट में 12 बजकर 50 मिनट पर आईसीआईसीआई और एसबीआई, 12 बजकर 55 पर पुरानी सब्जी मंडी के पास सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बूथ भी बंद मिले।
पिपली के पास एक बूथ खुला, सुरक्षाकर्मी तैनात
पुराने बस अड्डे से पिपली तक पड़ने वाले एटीएम बूथों को जांचा गया तो रास्ते में पड़ने वाले 13 एटीएम बूथ में से पिपली में सिंधी स्वीट हाउस के पास एक बूथ खुला मिला, जिस में सुरक्षाकर्मी भी तैनात था। इस बैंक से 500 रुपये कैश निकलवाया। वहीं दो बजे सेक्टर 13 में जांचा तो यहां पर भी सभी बैंकों के एटीएम बूथ बंद पाए गए। उल्लेखनीय है कि जिले में कुल 228 एटीएम बूथ हैं। पुलिस प्रशासन ने लगातार बढ़ रही एटीएम लूट की वारदातों को ध्यान में रखते हुए जिन बूथों पर सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं हैं, उसके बैंक के प्रबंधक पर मामले दर्ज करने के आदेश किए थे, दो बैंक प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज भी किया गया था। इसके बाद से रात को एटीएम बूथ बंद रहने लगे हैं।
रात 12: 25 बजे बंद पड़ा जाट धर्मशाला के पास इंडिकैश का एटीएम। संवाद- फोटो : Kurukshetra
भद्रकाली चौक के पास एटीएम का नीचे से खुला शटर। संवाद- फोटो : Kurukshetra
रात12:30 बजे बंद पड़ा रेलवे रोड पर बंद सेंट्रल बैंक का एटीएम बूथ। संवाद- फोटो : Kurukshetra