संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा कला परिषद और सोसायटी फॉर आर्ट एंड कल्चर डेवलपमेंट के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय हरियाणा अंतराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन बुधवार से कला कीर्ति भवन में होगा। महोत्सव में फिचर फिल्म, संगीत, शार्ट फिल्म डाक्यूमेट्ररी, एमिमेशन, म्यूजिक वीडियो, स्क्रीन प्ले व हरियाणा वेब सीरिज का फिल्मांकन होगा। यह जानकारी सोसायटी फॉर आर्ट एंड कल्चर डेवलपमेंट के अध्यक्ष धर्मेंद्र दांगी ने दी।
वे मंगलवार को हरियाणा कला कीर्ति भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस फिल्म महोत्सव में दर्शक 75 फिल्मों के अनेक स्वरूपों का आनंद उठा पाएंगे। महोत्सव का उद्देश्य फिल्मों के माध्यम से समाज, पर्यावरण, बच्चों के लिए फिल्म मेकिंग प्रोत्साहन और मीडिया के प्रभाव को समझाना है। उन्होंने कहा कि महोत्सव में पत्रकारिता की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। बताया कि महोत्सव के अंतिम समापन पर ओमपुरी लाईफ टाईम अचीवमेंट अवार्ड, सुनील दत्त एक्सीलेंस अवार्ड, पंडित जशराज हरियाणा रत्न अवार्ड, पंडित लक्ष्मीचंद हरियाणा गौरव अवार्ड, दिलीप कुमार एक्सीलेंस अवार्ड, बलराज साहनी अवार्ड व देवीशंकर प्रभाकर अवार्ड इत्यादि दिए जाएंगे।
तानिया रोहिल्ला ने बताया कि पहले दिन फिचर फिल्म, ओपन माइक, शॉर्ट फिल्म स्क्रीनिंग होगी। 19 मई के चिल्ड्रन फिल्म, फीचर फिल्म, कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। 20 मई मास्टर क्लास, ओपन माइक और लोकनृत्य, 21 मई को सिनेमा पर खुली बातचीत, ओपन माइक और हरियाणवी स्टार नाइट होगी। इसी प्रकार22 मई को फिल्म स्क्रीनिंग, अवार्ड नाईट और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस मौके पर कला कीर्ति भवन के निदेशक संजय भसीन, संदीप, यश, एशलिशा मौजूद रहीं।