कुरुक्षेत्र। घर में घुसकर 45 हजार रुपये से भरा पर्स चुराने के आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया है। आरोपी अनमोल वासी मीरापुर मोहल्ला को पुलिस ने अदालत के आदेश से जेल भेज दिया है।
10 अप्रैल को खतवाड़ा मोहल्ला निवासी निशा ने शाहाबाद थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह सुबह अपने घर पर थी। वह नहाने के लिए गई तो पीछे से उसे कुछ सामान इधर-उधर गिरने की आवाज आई। वह जल्दी-जल्दी नहाकर बाथरूम से बाहर आई तो उसने देखा कि कमरे में अनमोल खड़ा था, जो उसे देखकर फरार हो गया था। उसने कमरे में देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। बेड के सिरहाने साइड वाली दराज खुली हुई थी। उसने जांच की तो पाया कि बेड के सिरहाने के अंदर पर्स नहीं था, जिसे अनमोल चोरी कर ले गया था। उसके पर्स के अंदर करीब 45 हजार रुपये थे। उसने आठ अप्रैल को जागरण कराया था, जिसकी पेमेंट करने के लिए उसने घर में पैसे रखे हुए थे। उसके पर्स में जरूरी कागजात, आधार कार्ड, पेनकार्ड, एटीएम कार्ड व मोबाइल था।
मोबाइल का सिम नंबर 10-15 दिन से बंद था। अनमोल को उसके पर्स के बारे में जानकारी थी। उसने इस बारे में अनमोल से बातचीत की कोशिश की, मगर उसने पैसे व पर्स नहीं लौटाया था। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज करके जांच करते हुए आरोपी अनमोल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके कारागार भेज दिया है।