संवाद न्यूज एजेंसी
बाबैन। आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स ने बुधवार को लंबित मांगों के समर्थन में रोष मार्च निकाला। इस दौरान आंदोलनकारियों ने बाबैन के मुख्य बाजार स्थित चौक पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया।
इस दौरान आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन की प्रधान संतोष सैनी ने कहा कि वे सरकार की दमनकारी नीतियों से नहीं डरेंगे। जब तक सरकार उनकी मांगों को लागू नहीं करती उनका आंदोलन जारी रहेगा। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान ओमप्रकाश ने कहा कि सरकार अपनी घोषणाओं को ही लागू न कर वादाखिलाफी कर रही है। कहा कि सरकार आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर को अकेला न समझे, बल्कि प्रदेशभर के तीन लाख से अधिक कर्मचारियों का जनसमर्थन उनके साथ है।
सैनी ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्परों के आंदोलन को कुचलने के लिए वर्करों को टर्मिनेट करने की धमकी दे रही है। इससे वे डरने वाली नहीं है। कहा कि सरकार ने 2018 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1500 रुपये और सहायिकाओं को 750 रुपये देने के बात कही थी। इतना ही नहीं, हरियाणा सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कुशल श्रेणी व सहायिकाओं को अर्ध कुशल श्रेणी का दर्जा देने की घोषणा की थी, जो आज तक पूरी नहीं की गई है। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान हेमराज सैनी, गीता जंडोला, इंदू शर्मा, सीमा, सरोज शर्मा, नीलम, किरण बाला, कविता, रजनी, संतोष आदि मौजूद रहीं।