आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज लेकर खंड कार्यालय बाबैन से लेकर मुख्य चौक तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने मांगे पूरी नहीं होने तक आर-पार लड़ाई का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार मांगों को लागू नहीं करती वे पीछे नहीं हटेंगे। रोष मार्च का नेतृत्व सर्व कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश, ब्लॉक प्रधान हेमराज सैनी, आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर यूनियन की प्रधान संतोष सैनी, सचिव करमजीत कौर व गीता जंडौला ने किया।
सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान ओमप्रकाश ने कहा कि मांगों को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर पिछले 50 दिनों से सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समस्त कर्मचारियों का समर्थन आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर के साथ है और जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानेगी उनका आंदोलन जारी रहेगा। आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर यूनियन बाबैन की प्रधान संतोष सैनी ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्परों को जानबूझकर परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में आंगनबाड़ी वर्कर्स को 1500 रुपये और हैल्परों 750 रुपये देने के बात कही थी, जिसे आज तक पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने आंगनबाड़ी वर्कर को कुशल श्रेणी व हेल्पर को अर्ध कुशल श्रेणी का दर्जा देने, आंगनबाड़ी वर्कर को सेवानिवृत्ति पर 5 लाख और हेल्पर को 3 लाख रुपये देने की घोषणा की थी, जो अब तक भी पूरी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर ने कोरोना महामारी के दौर में बिना कुछ लिए सबसे आगे रह कर काम किया है, लेकिन सरकार ने उनकी लंबित मांगों को ही पूरा नहीं किया। इस मौके पर इंदू शर्मा, सीमा हमीदपुर, सरोज शर्मा, नीलम, किरण बाला, कविता, रजनी, संतोष बरगट मौजूद रहीं।