कुरुक्षेत्र। बैंक से लोन लेने के बाद धोखाधड़ी कर मकान का सौदा करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में शिकायतकर्ता ने 15 लाख पांच हजार रुपये लेने के बाद भी आरोपी पर रजिस्ट्री नहीं करने का आरोप लगाया था। इस दौरान उसे पता चला कि आरोप ने मकान पर बैंक से लोन भी ले रखा है।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी शाहाबाद वासी महिला ने छह अक्तूबर को पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी शाहाबाद में जगदीश चावला के नाम पर एक मकान है, जिसे वह बेचना चाहता था। उसके पति ने राजेश चावला को एक लाख रुपये नकदी मकान का बतौर बयाना दिया था। इसके बाद जगदीश चावला ने उसके पति के साथ मकान को बेचने का इकरार किया था। इसके तहत उन्होंने जगदीश चावला को 15 लाख पांच हजार रुपये दिए थे और एक लाख 20 हजार रुपये बकाया रह गए थे। उसके बाद भी आरोपी मकान की रजिस्ट्री नहीं कर रहा था। इसी दौरान उन्हें पता चला कि आरोपी ने उस मकान पर बैंक से लोन भी लिया हुआ है। शिकायत पर थाना शाहाबाद में मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए वीरवार को आरोपी जगदीश चावला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।