कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलेगा। इस अभियान के तहत 17 सितंबर को पवित्र ब्रह्मसरोवर पर सायं के समय 500 ड्रोन का भव्य शो का आयोजन किया जाएगा। इस शो के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे। ड्रोन शो के अलावा विशाल रंगोली, रक्तदान शिविर जैसे कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इस आयोजन की व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कार्यक्रम को लेकर कमेटियां गठित की है, जिसमें कमेटी में जिला नगर आयुक्त, केडीबी के सीईओ, नगराधीश, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता और डीआईपीआरओ को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। अतिरिक्त प्रबंधों के लिए एसडीएम शाहाबाद, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता और जिला परिषद के लेखा अधिकारी को भी सदस्य बनाया गया है। उपायुक्त ने कहा कि ड्रोन शो के भव्य आयोजन के लिए देश की जानी मानी एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह एजेंसियां जिला प्रशासन के पास 12 सितंबर को सायं तीन बजे तक तमाम शर्तों व बजट के साथ अपना आवेदन जमा करवा सकते हैं। इस आवेदन के आधार पर नियमानुसार अच्छी एजेंसी को ड्रोन शो करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि ब्रह्मसरोवर को भव्य रंग बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के तमाम नागरिकों, पार्षदों, जन प्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा शहर की सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं को भी निमंत्रण दिया जा रहा है। सभी की भागीदारी से इस कार्यक्रम को सफल बनाना है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।