ओमिक्रॉन के खतरे को भांपते हुए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी कमर कस ली है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने 15 प्लस को कोवैक्सीन की पहली डोज लगाकर सुरक्षा कवच पहनाया।
वैक्सीनेशन कराने पहुंचे किशोरों में थोड़ी घबराहट जरूर हुई, लेकिन वैक्सीन लगवाकर उन्होंने दूसरों को भी वैक्सीनेशन कराने के के लिए प्रेरित किया और कहा कि जीत जाएंगे हम..., जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह, जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुपमा सिंह, उप सिविल सर्जन डॉ. शैलेंद्र खांबरा, जिला नोडल अधिकारी (कोविड-19) डॉ. कृष्ण दत्त और डॉ. नीलम कपूर ने जिला अस्पताल में वैक्सीनेशन ड्राइव का शुभारंभ किया। इस दौरान वैक्सीनेटर डिंपल बनवाला, सीमा रानी और चरणजीत कौर ने सीनियर नर्सिंग अधिकारी गुरमीत कौर की निगरानी में लोगों को सुरक्षा कवच पहनाया।
अस्पताल परिसर में वैक्सीनेशन कराने पहुंचे लोगों की सुबह ही भीड़ उमड़ी। यहां लोग वैक्सीनेशन कराने के लिए लंबे समय तक कतार में खड़े रहे। सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि जिन व्यक्तियों को वैक्सीनेशन नहीं हुआ, उन्हें उसी समय वैक्सीनेशन की सुविधा इस उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार को कुल 11 हजार 957 को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई गई। इनमें से 15 से 18 आयु वर्ग के 934 किशोरों के अलावा 4707 को पहली और 7250 को दूसरी डोज लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 6 लाख 65 हजार 834 को पहली और 4 लाख 92 हजार 997 को दूसरी डोज लगाई गई। जिला अस्पताल में वैक्सीनेशन कराने पहुंचे किशोरों ने अमर उजाला के साथ अपने विचार साझा किए हैं।
दर्रा खेड़ा वासी दिशा महाराणा प्रताप स्कूल में कक्षा 10वीं की पढ़ाई कर रही है। जैसे ही सरकार ने 15 प्लस को वैक्सीनेशन की अनुमति दी, वह पहले ही दिन जिला अस्पताल में वैक्सीन की पहली डोज लगवाने पहुंची। कहा कि कोरोना की तीसरी लहर में खुद को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
शांति नगर वासी योगेश ने बताया कि ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए सरकार ने अच्छा कदम उठाया है। संकट की ऐसी घड़ी में सभी को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवानी चाहिए।
कक्षा 10वीं की छात्रा दीदार नगर वासी गुंजन ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते सरकार ने शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया है, लेकिन हमारी भी जिम्मेदारी बनती है कि हम सरकार का सहयोग करें। उन्होंने सभी से निर्धारित समय पर कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने की अपील की।
गीता निकेतन स्कूल की छात्रा मन्नत ने खुद कोवैक्सीन की पहली डोज लगवाकर सभी किशोरों से वैक्सीनेशन कराने की अपील की। मन्नत ने कहा कि वैक्सीन लगवाना जरूरी है। पहली बार वैक्सीन लगवाने पर उन्हें थोड़ी घबराहट जरूर हुई, लेकिन वैक्सीन लगवाकर खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है।