संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं लाडवा के पूर्व विधायक और पीएचसी किरमिच के चिकित्सा अधिकारी सहित 63 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। कोरोना संक्रमितों में विदेश से लौटे सात यात्री और विभिन्न स्कूलों से 12 विद्यार्थी भी शामिल हैं।
वहीं गांव शहजादपुर में दो साल की बच्ची, गांव कनीपला वासी चार वर्षीय, गांव दिवाना वासी सात वर्षीय बच्चा और 28 वर्षीय गर्भवती महिला भी संक्रमित मिली है। इनमें से 2 वर्षीय बच्ची और 4 वर्षीय बच्चे सहित पांच मरीजों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। अन्य सभी मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।
बेकाबू हुए कोरोना को अब नियंत्रण करना स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, जिला प्रशासन के लिए भी चुनौती भरा साबित हो गया है। अब शहरी क्षेत्र ही नहीं ग्रामीण क्षेत्र में भी 50 फीसदी से ज्यादा मरीज कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिन मरीजों को कोरोना की पुष्टि की गई उन मरीजों में 32 मरीज ग्रामीण और 31 मरीज शहरी क्षेत्र से सामने आए हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने कोविड के बढ़ते संक्रमण को देख सैंपलिंग और वैक्सीनेशन अभियान को और तेज कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब एक्टिव केस का आंकड़ा बढ़कर 184 तक पहुंच गया है। इनमें से 156 मरीजों को होम आइसोलेशन तथा 28 मरीजों को अस्पताल में दाखिल किया गया है। विभाग द्वारा अभी तक कुल 22 हजार 401 मरीजों को कोरोना की पुष्टि की है। इनमें से 21 हजार 859 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं और 358 मरीज कोविड के कारण अकाल मौत का ग्रास बन चुके हैं।
जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि अभी तक लिए गए 635452 में से 610659 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 977 सैंपलों की जांच करने पर 63 को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनके साथ ही 14 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है।