कुरुक्षेत्र। पिहोवा वासी तीन वर्षीय मासूम सहित 46 मरीज नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें विदेश से लौटे पांच यात्री भी शामिल हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 26 हजार 437 तक पहुंच गया है।
हालांकि राहत वाली बात यह है कि इनमें से 25 हजार 641 मरीज रिकवर हो चुके हैं। वहीं तीसरी लहर में अब तक 20 मरीजों की मौत के साथ कुल मौतों का आंकड़ा 378 तक पहुंच गया है। फिलहाल कुरुक्षेत्र में एक्टिव केस की संख्या भी घटकर 418 तक पहुंच गई है। इनमें से 331 मरीजों को स्वास्थ्य विभाग ने होम आइसोलेट तथा 84 मरीजों को जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में दाखिल किया है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक ओमिक्रॉन वैरिएंट की जांच के लिए 139 सैंपल दिल्ली लैब में भेजे हैं। अभी तक आई रिपोर्ट में 64 मरीजों को ओमिक्रॉन की पुष्टि की गई है। अभी तक लिए गए 665661 में से 638839 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। कुरुक्षेत्र में अब पॉजिटिव केसों की रिकवरी रेट 96.99 फीसदी और सैंपल पॉजिटिव रेट 3.97 फीसदी पर पहुंच गया है।सीएमओ ने बताया कि आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 450 सैंपलों की जांच करने पर 46 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं, जबकि 40 मरीजों को रिकवर होने पर डिस्चार्ज किया गया है।