संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गांव झांसा में अमर उजाला फाउंडेशन और यूथ ब्लड डोनेशन सोसायटी के तत्वावधान में ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय के प्रांगण में रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 35 महिलाओं व युवाओं ने रक्तदान किया और 135 ग्रामीणों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। शिविर में मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।
एलएनजेपी अस्पताल से आई चिकित्सकों की टीम ने रक्त एकत्रित किया। सोसायटी के प्रधान विनोद पाल ने बताया कि शिविर में 35 इकाई रक्त एकत्रित किया गया और 135 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। उन्होंने बताया हर साल सोसायटी महिला दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन करती है। शिविर में रक्तदाताओं को दूध व फल वितरित किए गए।
उन्होंने कहा कि रक्त का कोई अन्य विकल्प नहीं है। किसी फैक्टरी में रक्त का उत्पादन नहीं किया जा सकता है। रक्तदान से हम अनजाने में कई लोगों की सहायता करते हैं। यह एक पुण्य कार्य है। इस मौके पर शुभम गाबा, अंकित लोकेश मुगलानी, डॉ दीपक गोयल, जय भगवान, रविंद्र सुनीता, नरेश कुमार, मंगू राम, गौरव वर्मा, जोगीराम, मोहित अनेजा, चमन लाल, दविंद्र सिंह, बलजीत चोपड़ा, श्रवण कुमार, पवन चोपड़ा आदि मौजूद रहे।
रक्तदाता मोहित अनेजा ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन और यूथ ब्लड डोनेशन सोसायटी की ओर से आयोजित इस शिविर से ग्राम वासियों को काफी फायदा हुआ है। शिविर में लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई, वहीं उन्हें निशुल्क दवाइयां भी दी गई हैं।
रक्तदाता मास्टर जय भगवान ने कहा कि इस तरह के शिविर से समाज सेवा के कार्यों का बढ़ावा दिया जा रहा है। अन्य संस्थाओं को भी इससे प्रेरणा लेकर आगे आना चाहिए। इस तरह के समाजसेवा के कार्य होते रहने चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को इसका फायदा मिल सके।
रक्तदाता नरेश कुमार ने बताया कि वे 40 बार रक्तदान कर चुके हैं। रक्तदान करना एक पुण्य का कार्य है। सभी को आगे आकार रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान और शिविर के आयोजन करना बड़ा पुण्य का कार्य है। इससे युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।