फोटो 1,2,16,17
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व आज, दुल्हन की तरह सजे मंदिर
धर्मनगरी के इस्कॉन मंदिर व बिरला मंदिर में होगा मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण जन्माष्मी पर्व मंगलवार को जिलेभर में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। धर्मनगरी के मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शहर के बिरला मंदिर व इस्कॉन मंदिर में मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा तो वहीं दूसरे मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा रहने की उम्मीद की जा रही है। मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं तो पर्व की पूर्व संध्या पर शहर में शोभायात्रा भी निकाली गई। शाहाबाद में भी पर्व के लिए तैयारियां जोरों से चल रही हैं। विशेष रूप से यहां के कृष्णा मंदिर में यह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिर में 13 से 17 अगस्त तक कार्यक्रमों की शृंखला चलेगी। मंदिर समिति के ढूंढराज आनंद ने बताया कि 14 अगस्त को को ध्वजारोहण और शोभायात्रा निकाली जाएगी।
पिहोवा के विभिन्न मंदिरों में जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। श्रीकृष्ण कृपा मंच के मीडिया प्रभारी भरत तनेजा ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव के लिए कृपा मंच की ओर हर साल की भांति शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्य रूप से गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज हिस्सा लेंगे। शोभायात्रा सरस्वती तीर्थ से शुरू होकर शहर के विभिन्न रास्तों से होते हुए श्रीकृष्ण कृपा मंदिर पहुंचेगी। प्राचीन बाजार स्थित श्रीदक्षिणा मुखी हनुमान मंदिर, पशुपति नाथ महादेव मंदिर, श्रीआशुतोष महादेव मंदिर, ब्रह्मजून, कैलाश धाम सहित शहर विभिन्न मंदिरों में धूमधाम से मनाया जाएगा।
हर साल की तरह इस साल सरस्वती तीर्थ जन्माष्टमी पर जगमग होगी। इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आशीष चक्रपाणी ने बताया कि सरस्वती तीर्थ पर हर साल की तरह इस साल भी श्रीकृष्ण के जीवन से संबंधित कई झांकियां होंगी। महंत बंसी पुरी ने बताया कि हर साल गोबिंदा नंद आश्रम में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाती है।
मंशा पूर्ण हनुमान मंदिर में पहली बार भजन संध्या
सरस्वती तीर्थ पर स्थित प्राचीन बालाजी मंशा पूर्ण हनुमान मंदिर में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में पहली बार भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। विनोद शास्त्री ने बताया कि इस बार जन्माष्टमी पर विशाल भजन संध्या आयोजित होगी।
मेरे घर आना कन्हैया, तोहे जाने न दूंगी... पर झूमे श्रद्धालु
कुरुक्षेत्र। गो-गीता-गायत्री सत्संग सेवा समिति के तत्वावधान में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सेक्टर-5 के शिव मंदिर में सभी भागवत प्रेमियों के सहयोग से करवाई जा रही श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालु भजनों पर झूम उठे। कथा में सेक्टर-5 वेलफेयर सोसायटी के प्रधान चौधरी दलबीर सिंह ने सभी सदस्यों सहित भागवत पूजन करके कथावाचक अनिल शास्त्री को तिलक लगाया। शास्त्री ने गोकरण कथा व धुंधकारी को प्रेत योनि की प्राप्ति और उसके उद्धार का प्रसंग सुनाया। शास्त्री ने कहा कि सत्संग सरोवर में डुबकी लगाने से मनुष्य का तन व मन दोनों पवित्र हो जाते हैं। मनुष्य को सदैव महापुरुषों का सत्संग सुनना चाहिए। भागवत कथा के बीच में सुनाए गए भजन मेरे घर आना कन्हैया, तोहे जाने न दूंगी... पर श्रद्धालु झूम उठे।