खुद को कस्टम अधिकारी बताकर शातिर ठगों ने महिला से एक लाख 30 हजार रुपये ठग लिए। शातिर ठगों ने महिला को तीसरी बार में दो लाख 60 हजार रुपये जमा करने को कहा था। महिला ने पैसे जमा करने से इनकार कर दिया। इस पर आरोपियों ने महिला को पुलिस में शिकायत देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
मुल्तानी कॉलोनी निवासी सर्बजीत कौर ने थाना शहर पिहोवा को दी शिकायत में बताया कि उसके पति तरसेम सिंह के दोस्त ने उसके लिए विदेश से उसके नाम से एक पार्सल भेजा था। एक सप्ताह के पहले एक युवती ने उसे फोन करके बताया कि वह मुंबई एयरपोर्ट से बोल रही है और विदेश से उसका पार्सल आया है। उसे इसकी डिलीवरी के लिए फीस जमा करानी होगी। तब उसने युवती के दिए गुगल-पे नंबर पर 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। युवती ने उसे बताया कि एक लाख रुपये ट्रांसफर करने के बाद पार्सल की डिलीवरी देने की बात कही थी। इस पर उसने अगले दिन गूगल-पे के जरिए एक लाख रुपये भेज दिए थे। पैसे ट्रांसफर होने के बाद युवती ने उसे फोन करके बताया कि आज मुंबई की फ्लाइट चली गई और अब अगले दिन दूसरी फ्लाइट में पार्सल डिलीवर करना पड़ेगा। इसलिए उसे दो लाख 60 हजार रुपये अदा करने होंगे, क्योंकि उनका पार्सल बेहद कीमती है और कस्टम में भी अड़चन आ गई है। ठगी की आशंका के चलते उसने पैसे ट्रांसफर नहीं किए थे। इस पर युवती ने उसे दोबारा फोन करके पैसे डालने के लिए कहा तो उसने साफ मना कर दिया। युवती ने उसे पैसे जमा न कराने पर जान से मारने की धमकी दी।