दुबई में नौकरी दिलाने के बहाने ठगे सवा लाख, महिला नामजद
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र।
दुबई में नौकरी दिलाने के बहाने सवा लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने एक महिला को नामजद किया है। सवा लाख रुपये लेकर आरोपी महिला ने दुबई में शिकायतकर्ता से तीन दिन काम कराकर काम से हटा दिया, जिसके बाद उसे घर से किराया मंगवाकर लौटना पड़ा।
थाना कृष्णा गेट पुलिस को दी शिकायत में गांधी नगर वासी संजीव कुमार ने बताया कि वह बिजली मैकेनिक है। करीब एक साल पहले ही उसने फेसबुक पर विदेश में नौकरी का विज्ञापन देखा था। इसके बाद विज्ञापन देने वाली महिला जसमी कौर से बातचीत शुरू की तो उनकी दोस्ती हो गई थी। जसमी ने उसे बताया कि उनकी दुबई में सिग्नेचर गोल्ड के नाम से कंपनी है। यह कंपनी मकान बनाकर बेचती है। इसके लिए उन्हें अलग-अलग तरह के कारीगरों की जरूरत होती है। वह उस कंपनी में नौकरी दिलवा देगी, जिसके एवज में उसने सवा लाख रुपये की मांग की थी।
उसकी बातों में उसने तीन फरवरी को अपने बैंक खाते से महिला के कहे अनुसार एक खाते में 35 हजार रुपये भेजे। उसके बाद आठ फरवरी को 20 हजार, 21 फरवरी को दो हजार व इसी दिन 48 हजार भेजे थे। शाम को उसने अमृतसर के गुरुद्वारे में उसे 20 हजार रुपये नकद दिए। 22 फरवरी को उसे दुबई के लिए रवाना कर दिया। वह दुबई पहुंचा तो उससे तीन दिन काम कराया गया, उसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने कंपनी से निकाल दिया। उसने महिला से बातचीत की तो उसने काम दिलाने से मना कर दिया। वह अपने घर से रुपये मंगवाकर भारत लौटा। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।