कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की टीम ने एक कैंटर चालक को तीन किलोग्राम चूरा पोस्त के साथ काबू किया है। आरोपी सामान के साथ कैंटर में चूरा पोस्त भी छिपाकर ला रहा था। पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह वासी लावर टिपरा (हिमाचल प्रदेश) को अदालत के आदेश से पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
एएनसी प्रभारी मंदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर मुर्तजापुर बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि हिमाचल प्रदेश का रहने वाला कुलदीप सिंह कैंटर चलाता है। वह हिमाचल प्रदेश से अपने कैंटर में सामान लेकर मुंबई जाता है और आते समय सामान के साथ चूरापोस्त भी छिपा कर लाता है। आज भी वह अपने कैंटर में मुंबई से सामान के साथ चूरा पोस्त छिपा कर नारनौल से होता हुआ 152-डी हाईवे से बद्दी (हिमाचल प्रदेश) जा रहा है। सूचना पर टीम ने नायब तहसीलदार सुरेश कुमार के साथ कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर पुल के ऊपर 152-डी हाईवे पर नाकाबंदी करके नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम को एक कैंटर आता हुआ दिखाई दिया। शक के आधार पर टीम ने कैंटर को रुकवाकर चालक से पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से तीन किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना सदर पिहोवा में मामला दर्ज करके आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया और पांच दिन के रिमांड पर लिया है।