हरियाणा के जिला रेवाड़ी के कोसली में सालावास रोड पर कई दिनों से गंदे पानी की निकासी न होने से गुस्साए लोगों ने सोमवार को कोसली-रोहतक रोड जाम कर दिया।
सुबह आठ बजे से ही आसपास के लोग और व्यापारी जुटना शुरू हो गए थे। इसके बाद एकत्रित लोगों ने अवरोधक लगाकर रास्ता जाम कर दिया।
इसकी सूचना मिलते ही कोसली थाना प्रभारी विजेंदर सिंह ने मौके पर पहुंच गए, लेकिन गुस्साए लोगों ने उनकी एक नहीं सुनी।
इसके तीन घंटे बाद नायब तहसीलदार रगबीर सिंह, जनस्वास्थ्य विभाग और खंड विकास के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्रशासन और पुलिस की काफी मान-मनौव्वल के बाद लोग इस शर्त पर तैयार हुए कि 10 दिनों के भीतर समस्या का समाधान किया जाए अन्यथा फिर से रास्ता जाम कर दिया जाएगा।
नायब तहसीलदार की ओर से आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने पांच घंटे के बाद जाम को खोल दिया।
जाम के चलते वाहनों की कतार कोसली के ओवरब्रिज तक पहुंच गई। जाम में फंसे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम लगाए बैठे पूर्व विधायक हुकम सिंह ने बताया कि यह समस्या काफी पुरानी है। बार-बार प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी समस्या का कोई हल नहीं निकला।
सालावास रोड पर रहने वाले लोगों ने आरोप लगाया कि गंदे पानी से उनको बच्चे स्कूल भेजने में परेशानी हो रही है।
यहां से निकलने वाले वाहन चालक लोगों खास कर महिलाओं और स्कूली छात्राओं को जानबूझ कर गंदे पानी के छींटे मार जाते हैं।