संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। करनाल की रहने वाली एक महिला ने मंगलवार को मिश्रान मोहल्ले में जमकर हंगामा किया। ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाया कि पति को कहीं छिपा दिया है। इस दौरान उसने हाथों की नसें भी काट लीं। सूचना पर पुलिस पहुंची और उसका इलाज कराया। जांच में पता चला कि महिला और पुरुष दोनों पहले से शादीशुदा हैं।
करनाल निवासी महिला ने बताया कि तरावड़ी का राजेश कुछ साल पहले उससे मिला था। वह पहले से ही शादीशुदा थी। राजेश ने खुद को कुंवारा बताया और इस बीच वह उसके बहकावे में आ गई। फिर पति से तलाक लेकर उसके साथ रहने लगी। राजेश से उसके दो बच्चे लड़का व लड़की हैं। महिला का आरोप है कि राजेश ने यह बात उससे छिपाई थी कि वह भी पहले से शादीशुदा है। परिवार तरावड़ी में रह रहा है। जब वह कई दिनों से घर नहीं आया तो पता करते-करते वह यहां पहुंची।
महिला के मुताबिक, उसके घर वालों का कहना है कि वह कहीं चला गया है। महिला ने आरोप लगाया कि राजेश जाने से पहले उसके 4700 रुपये और कुछ गहने भी ले गया था। इस बारे में राजेश के पिता ने बताया कि बेटे की दूसरी शादी के बारे में पता नहीं है। वह पिछले तीन दिनों से घर नहीं आया है।