गांव उपलाना स्थित श्रीकृष्ण गोपाल गोशाला के पास तूड़ी बना रहे रीपर में आग लगने से गोशाला की 30 एकड़ में खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इसके अलावा पांच एकड़ खड़ी फसल को नष्ट करना पड़ा ताकि आग आगे न बढ़ पाए। रीपर से चिंगारी उठने के कारण यह घटना हुई बताई जा रही है। उपलाना और आसपास से पहुंचे लोगों ने आग पर काबू पाने के भरसक प्रयास किए। किसानों ने छह ट्रैक्टरों की मदद से करीब पांच एकड़ खड़ी गेहूं की फसल को नष्ट कर दिया। इसके बावजूद करीब 30 एकड़ गेहूं की फसल राख हो गई। गोशाला प्रबंधन को करीब भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने आग बुझायी।
आग की सूचना मिलते ही असंध थाना प्रभारी बलजीत सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। वहीं, खंड कृषि अधिकारी राधेश्याम ने भी मौका मुआयना किया। गोसेवकों ने गोशाला में गायों के लिए तूड़ा, गेहूं व आर्थिक मदद का संदेश दिया है। मौके पर ईशम सिंह, जयभगवान, राजेंद्र राणा, विक्की राणा, राहुल, संदीप सिंह, रामनिवास रोहिला, नरेश कुमार व अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
असंध थाना प्रभारी बलजीत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने अपनी तरफ से दस हजार रुपये गोशाला कमेटी को सहयोग स्वरूप प्रदान किए। कमेटी प्रधान विनोद राणा व कैलाश गुप्ता ने कहा कि गोशाला की 75 एकड़ जमीन है। इसमें से 35 एकड़ जमीन पर खड़ी फसल जल गई। जबकि अन्य 40 एकड़ में हरा चारा है। अब गोशाला में अनाज का संकट हो गया है।