संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। ‘बोल खाटू नरेश जी की जय, तीन बाणधारी की जय, शीश के दानी की जयघोष’ से माहौल भक्तिमय हो उठा। मौका था चौड़ा बाजार में श्री जी राधा रानी ग्रुप और श्री श्याम सलोना कीर्तन मंडल की ओर से आयोजित एक शाम खाटू वाले के नाम कार्यक्रम का। संकीर्तन में बाबा का गुणगान करते हुए हर्ष गोयल ने ‘तेरा दरबार हमने सजाया है श्याम, तुमको बुलाया है श्याम, हां बता दे कहीं कोई कमी तो नहीं। ‘नीला घोड़ा लाल लगाम, जय श्रीश्याम, बाबा जय श्रीश्याम’। ‘प्यारा सा मुखड़ा घुंघराले केस, कलयुग का राजा खाटू नरेश’ गाकर श्रद्धालुआें को झूमने पर मजबूर कर दिया।
हेमंत ललित ने ‘लेने आजा खाटू वाले रिंगस के मोड़ पे’। ‘हारा हूं बाबा मुझे तुझ पे भरोसा हैं’ गाकर बाबा का गुणगान किया। उमेश रशिक ने ‘बाबा तेरी नौकरी, सबसे बढ़िया सबसे खरी‘। ‘कब आएगा मुझे अपना बनाएगा, मेरे आंसू पोंछकर मुझे गले लगाएगा, कब आएगा मेरा सांवरिया’ गाकर भाव विभोर कर दिया।
सोमवार शाम पंडित विनोद शास्त्री ने श्याम प्रेमी पंकिल, अमूल, घनश्याम, लक्ष्य गुप्ता, पूजा, नंदनी, दर्शना, मोनिका, बबीता और गगन से विशेष पूजा करवा जोत प्रचंड करवा संकीर्तन का शुभारंभ करवाया। अंबाला से आए उमेश रशिक ने कोलकाता से लाए गए गुलाब, कमल, गेंदा, चमेली, रजनीगंधा, पुदीना और मेवों की 21 मालाओं से बाबा का शृंगार किया। इस दौरान आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सचिन, संजय गुप्ता, अंकित सिंगला और अनिल गोयल का विशेष सहयोग रहा।