माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बिजली निगम के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट चक्रवर्ती शर्मा के शव का शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। बड़ा बेटा यश भारद्वाज शव को मुखाग्नि देगा। इससे पहले बेटे के इंतजार में पिता का शव हांसी रोड स्थित शिवाजी कालोनी में रखा गया है। मृतक की पत्नी का कहना है कि दोनों बेटे विदेश में रहते हैं, इसलिए पति हमेशा कहा करते थे कि वे तो दाग देने भी नहीं आ पाएंगे। यही कारण है कि मुखाग्नि देने के लिए वे बड़े बेटे का इंतजार कर रही हैं।
दरअसल, मृतक चक्रवर्ती शर्मा का बड़ा यश और छोटा बेटा नीलमणि कनाडा में हैं। पत्नी सीमा का कहना है कि पति उन्हें अक्सर कहा करते थे कि बेटे ऐसी जगह चले गए हैं कि दाग भी नहीं दे पाएंगे। पिता का यह कथन सच न हो, इसलिए संस्कार के लिए वे बेटों का इंतजार कर रही हैं। मृतक के चचेरे भाई एडवोकेट गौरव शर्मा ने बताया कि बड़े बेटे यश की फ्लाइट की टिकट बुक हो गई है। बुधवार रात करीब 10 बजे कनाडा से भारत के लिए वे रवाना हो चुके हैं और वीरवार देर रात पहुंच जाएंगे। ऐसे में शुक्रवार को सुबह 10 बजे जुंडला गेट स्थित मस्तगीर अखाड़े के साथ शिवपुरी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बता दें कि बुधवार को बिजली निगम के समालखा डिवीजन के कार्यालय में डिप्टी सुपरिटेंडेंट चक्रवर्ती शर्मा ने शौचालय में जाकर जहर निगल लिया था। उन्होंने चार पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, समालखा तैनाती से चार माह पहले चक्रवर्ती चार माह बिलासपुर यूएचबीवीएन में रहे। उस दौरान एक्सईएन नीरज कांबोज, एलडीसी राघव वधावन, हेड क्लर्क राकेश नंदा और अकाउंटेंट ने मिलकर गबन किया था और चक्रवर्ती पर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस वजह से वे तनाव में थे। उन पर गबन की गई रकम देने का दबाव भी बनाया जा रहा था। ब्यूरो